सूरत : गभेणी-रामजीवाड़ी फ्लाईओवर के उद्घाटन से ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
एक लाख से अधिक वाहन चालकों को रोजाना होगा लाभ, सड़क दुर्घटनाएं होंगी कम
सूरत। ओवरब्रिजों के शहर के रूप में पहचाना जाने वाला सूरत एक और नए फ्लाईओवर की सौगात पाने जा रहा है। 18 अप्रैल को केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल द्वारा गभेणी और रामजीवाड़ी चौराहे पर निर्मित फ्लाईओवर का उद्घाटन किया गया। यह फ्लाईओवर पलसाना-हजीरा राष्ट्रीय राजमार्ग-53 (एनएच-53) पर स्थित है और इसके चालू होने से शहर के लाखों लोगों को ट्रैफिक से राहत मिलेगी।
इस फ्लाईओवर से प्रतिदिन लगभग एक लाख वाहन चालकों को जाम से मुक्ति मिलेगी और साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में भी गिरावट आने की उम्मीद है। ट्रैफिक जाम से बचाव के साथ यह पुल यात्रियों को अधिक आरामदायक और सुरक्षित सफर प्रदान करेगा।
इस परियोजना की विशेष बात यह है कि शहर के चार ‘डेथ स्पॉट’ चिन्हित करके उनके लिए चार फ्लाईओवर की योजना बनाई गई थी, जिनमें से दो का निर्माण पूरा हो चुका है। गभेणी-रामजीवाड़ी फ्लाईओवर इनमें से एक है, जिसे अब जनता को समर्पित किया जा चुका है।
भविष्य की योजना के तहत, ड्रीम सिटी-भीमराड और वेसू-अभावा चौराहों पर भी फ्लाईओवर बनाए जाएंगे।
-
ड्रीम सिटी-भीमराड फ्लाईओवर की लंबाई 700 मीटर और चौड़ाई 200 मीटर होगी।
-
वेसू-अभावा फ्लाईओवर की लंबाई भी 700 मीटर निर्धारित की गई है।
इन सभी परियोजनाओं का उद्देश्य न केवल ट्रैफिक जाम को कम करना है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में भी भारी कमी लाना है, जिससे नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा मिल सके।