सूरत : बिहार की बेटियों के हुनर का महाकुंभ : अरविंद सिंह
22वीं राज्य स्तरीय सब-जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
सिवान जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष एवं हिंदीभाषी महासंघ के महासचिव तथा भाजपा नेता अरविंद सिंह की उपस्थिति में बुधवार को 22वीं बिहार राज्य स्तरीय सब-जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता बिहार राज्य कबड्डी संघ एवं सिवान जिला कबड्डी संघ के संयुक्त तत्वाधान में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद जी की पावन भूमि जिरादेई स्थित आदर्श राजकीय मध्य विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित की जा रही है।
इस अवसर पर *संगीता चौधरी जी, अध्यक्ष, जिला परिषद, सिवान, सुभाष प्रसाद, ललितेश्वर कुमार, प्रमोद कुमार, विनोद तिवारी, मनन प्रसाद और वीरेंद्र यादव भी उपस्थित रहे। साथ ही, बिहार राज्य कबड्डी संघ के अध्यक्ष कुमार विजय सिंह और आयोजन सचिव मनोरंजन कुमार सिंह भी इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बने।
उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रही सभी खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजक समिति ने सभी टीमों का उत्साह बढ़ाया। अरविंद सिंह ने बताया, "यह प्रतियोगिता सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि बेटियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का मंच है। यह गर्व की बात है कि सिवान जिला कबड्डी संघ इस ऐतिहासिक आयोजन की मेजबानी कर रहा है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से नई प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिलेगा, जो बिहार को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगी।"
आयोजन सचिव एवं कबड्डी संघ के सचिव मनोरंजन कुमार सिंह और उनकी टीम ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया है। उनके प्रयासों से यह अब तक के सबसे बेहतरीन कबड्डी आयोजनों में से एक बनने जा रहा है।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में राज्य भर की 35 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जो अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर बिहार का गौरव बढ़ाएंगी। समापन समारोह 28 फरवरी को होगा, जिसमें विजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा।