सूरत : विश्व शांति के लिए 9 अप्रैल को गूंजेगा नवकार महामंत्र

108 देशों में एक साथ होगा जाप, सूरत के इंडोर स्टेडियम में जुटेंगे हजारों श्रद्धालु; प्रधानमंत्री मोदी वर्चुअल रूप से करेंगे संबोधित

सूरत : विश्व शांति के लिए 9 अप्रैल को गूंजेगा नवकार महामंत्र

सूरत। विश्व कल्याण और शांति की कामना के साथ, जीतो (JITO) सूरत चैप्टर आगामी 9 अप्रैल, 2025 को एक अभूतपूर्व "विश्व नवकार महामंत्र दिवस" का आयोजन करने जा रहा है। यह वैश्विक कार्यक्रम सूरत सहित दुनिया के 108 से अधिक देशों में एक साथ आयोजित किया जाएगा।

सूरत में इस विशेष आयोजन का केंद्र घोड़दौड़ रोड स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम में सूबह 7.30 से 9.30 के दौरान होगा, जहां हजारों श्रद्धालु एकत्रित होकर सामूहिक रूप से नवकार महामंत्र का जाप करेंगे।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली के विज्ञान भवन से वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे और विश्वभर के लोगों को संबोधित करेंगे। इस पहल को आधिकारिक तौर पर "विश्व नवकार मंत्र दिवस" के रूप में मान्यता मिलने की भी संभावना है।

यह विशाल आयोजन जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीतो) के सूरत चैप्टर द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसके संयोजक निरव शाह हैं।
कार्यक्रम में भाग लेने वाले पुरुषों से सफेद और महिलाओं से लाल वस्त्र धारण करने का अनुरोध किया गया है।

निरव शाह ने अधिक जानकारी देते हुए कहा कि एक साथ एक मंत्र जाप के लिए सूरत सहित देश के विभिन्न राज्यों और विदेशोंं में आयोजित कार्यक्रम का गिनिज बुक ऑफ वर्ल्ड रेकोर्ड की टीम द्वारा निरिक्षण किया जायेगा। 

सूरत महानगरपालिका ने इस दिन शहर के सभी कसाईखानों को बंद रखने का एक सराहनीय निर्णय लिया है, जो मूक प्राणियों के प्रति करुणा का भाव दर्शाता है और जिसकी भाजपा के शासकों ने भी सराहना की है।

नवकार मंत्र जैन धर्म का एक अत्यंत महत्वपूर्ण और सार्वभौमिक मंत्र है। यह किसी व्यक्ति विशेष की स्तुति नहीं करता, बल्कि उन सिद्धों, आचार्यों, उपाध्यायों और साधुओं को नमन करता है जिन्होंने मोक्ष प्राप्त किया है या उस मार्ग पर अग्रसर हैं। ऐसा माना जाता है कि इस महामंत्र का जाप करने से साधक के भीतर से राग-द्वेष जैसी नकारात्मक भावनाएं शांत होती हैं और अहिंसा, करुणा, संतोष और शांति जैसे सकारात्मक गुण विकसित होते हैं। सामूहिक रूप से इस मंत्र का जाप विश्व में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगा, ऐसा प्रबल विश्वास है।

जीतो सूरत चैप्टर का मानना है कि यह "विश्व नवकार मंत्र दिवस" न केवल जैन समुदाय के लिए बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए एक शुभ और मंगलकारी पहल है। इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण आयोजन में भाग लेने के लिए सभी धर्मों और समुदायों के लोगों को सादर आमंत्रित किया गया है।

Tags: Surat PNN