दिल्ली के बुटीक से दो करोड़ रुपये की लूट के आरोप में दो किशोर और एक महिला गिरफ्तार

दिल्ली के बुटीक से दो करोड़ रुपये की लूट के आरोप में दो किशोर और एक महिला गिरफ्तार

नयी दिल्ली, चार मार्च (भाषा) दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी स्थित एक बुटीक से दो करोड़ रुपये मूल्य के दुल्हन के कपड़े और अन्य सामान लूटने के आरोप में दो किशोरों को पकड़ा गया है और एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए किशोरों में से एक बुटीक का पूर्व कर्मी है।

अतिरिक्त पुलिस उपाधीक्षक (दक्षिण) अचिन गर्ग के अनुसार, एक मार्च की रात करीब 11.15 बजे यह घटना हुई थी।

गर्ग ने बताया, ‘‘शनिवार की रात एक महिला दो लोगों के साथ फार्महाउस के अंदर संचालित बुटीक के सुरक्षा गार्ड के पास पहुंची थी। महिला ने खुद को मालिक का रिश्तेदार बताते हुए वॉशरूम का इस्तेमाल करने के लिए अंदर आने का अनुरोध किया था।’’

उन्होंने बताया कि महिला ने गार्ड का ध्यान भटकाया और इस दौरान उसके साथियों ने गार्ड को पकड़ कर बांध दिया। इसके बाद तीनों आरोपी दुल्हन के महंगे कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पेंटिंग और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा गार्ड ने किसी तरह खुद को बंधनमुक्त किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

उन्होंने बताया, ‘‘ लुटेरों ने सबूत मिटाने के लिए बुटीक के सीसीटीवी डीवीआर को चुरा लिया था। लेकिन पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल किए गए टेम्पो का पता लगा लिया।’’

अधिकारी ने बताया कि वाहन को आखिरी बार मंगलापुरी में देखा गया था, जिसके बाद पुलिस ने इलाके की तलाशी ली। आखिरकार, एक गली में गाड़ी खड़ी मिली।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच करने पर टेम्पो मालिक के बारे में पता चला और उसने बताया कि उसके सहपाठी रहे एक किशोर ने उससे वाहन उधार लिया था।

अधिकारी ने बताया कि पूछताछ करने पर किशोर ने अपराध स्वीकार किया तथा अन्य दो की संलिप्तता का भी खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार, सुल्तानपुर के रहने वाले दोनों नाबालिग ने लूट की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया। नाबालिगों की सोशल मीडिया के जरिये महिला से पहचान हुई थी।

पुलिस ने आया नगर स्थित किराए के कमरे से लूट का सारा सामान बरामद कर लिया है। महिला को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया है।

Tags: Delhi