हमें पता है कि इलाहाबादिया ने ऑस्ट्रेलिया के शो से नकल करके टिप्पणी की: न्यायालय

हमें पता है कि इलाहाबादिया ने ऑस्ट्रेलिया के शो से नकल करके टिप्पणी की: न्यायालय

नयी दिल्ली, 18 फरवरी (भाषा) उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को कहा कि उसे पता है कि पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया, जिस पर यूट्यूब शो में अपने बयानों के लिए मामला दर्ज किया गया है, ने एक ऑस्ट्रेलियाई कार्यक्रम से नकल करके टिप्पणियां कीं।

न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह की पीठ ने कहा, ‘‘हम वास्तविकता से अपरिचित नहीं हैं। हमें विभिन्न स्रोतों से इस बात की जानकारी है। हम जानते हैं कि उसने ऑस्ट्रेलियाई कार्यक्रम से इसे नकल करने की कोशिश की है और वहां से उसने किसी अभिनेता के संवाद को उठाने की कोशिश की है।’’

पीठ पॉडकास्टर की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। पीठ ने इलाहाबादिया के वकील वरिष्ठ अधिवक्ता अभिनव चंद्रचूड़ से कहा, ‘‘उसे शर्म आनी चाहिए कि उसने अपने माता-पिता को कितनी शर्मिंदगी पहुंचाई है। उसने किस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है।’’

इलाहाबादिया की टिप्पणी कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में आई थी।

चंद्रचूड़ ने कहा कि यह शो वयस्कों के लिए है और इसे भुगतान करके देखा जा सकता है।

न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि कुछ ऐसे समाज हैं जहां दर्शकों को वयस्क चैनल और कुछ दर्शकों के लिए सामग्री अनुपयुक्त होने के बारे में चेतावनी दी जाती है।

उन्होंने कहा, ‘‘वे सभी सावधानियां बरतते हैं। ये सभी नकल किए गए कार्यक्रम हैं। जब आप ऐसा कर रहे हैं, तो आपको चेतावनी देनी चाहिए और सावधानी बरतनी चाहिए।’’

न्यायाधीश ने कहा, ‘‘पेड चैनल समझ में आते हैं। लेकिन आप यूट्यूब पर जा सकते हैं और कोई भी इसे (इंडियाज गॉट लेटेंट) देख सकता है।’’

चंद्रचूड़ ने कहा कि विवाद इसलिए पैदा हुआ क्योंकि कुछ दर्शकों ने 45 मिनट लंबे एपिसोड की 10 सेकंड की क्लिप बनाई और इसे यूट्यूब पर पोस्ट कर दिया।