अहमदाबाद : गुजरात में फरवरी के अंत तक शीतलहर जारी रहने का अनुमान
अहमदाबाद, गांधीनगर, वडोदरा, सूरत एवं नर्मदा जिले में हो सकती है बारिश
मकर संक्रांति के बाद भी गुजरात में ठंड का कहर जारी है। ऐसे में मौसम विशेषज्ञ अंबालाल पटेल ने पूर्वानुमान जताया है कि फरवरी में भी ठंड का दौर जारी रहेगा। इसके अलावा राज्य के कई जिलों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान जताया गया है।
मौसम पूर्वानुमानकर्ता अंबालाल पटेल के अनुसार फरवरी में सुबह हल्की ठंड और दोपहर में गर्मी रह सकती है। 10 से 16 फरवरी तक गर्मी का अहसास होगा। इसके बाद 17 से 19 फरवरी तक हवा की गति बढ़ने से पुनः ठंड बढ़ जाएगी। फरवरी में उत्तर गुजरात के कुछ हिस्सों में तापमान 12 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा कच्छ के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया है। मध्य गुजरात में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और सौराष्ट्र में 13 डिग्री रहने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि गुजरात में पिछले एक सप्ताह से ठंड पड़ रही है और सौराष्ट्र-कच्छ में भी शीतलहर चल रही है। हालांकि, मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के कारण गुजरात के मौसम में बदलाव हो सकता है। मौसम विशेषज्ञ अंबालाल पटेल के पूर्वानुमान के अनुसार अहमदाबाद, गांधीनगर, वडोदरा, सूरत और नर्मदा में भारी बारिश हो सकती है।