सूरत में दो दिवसीय मिलेट्स महोत्सव, प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के 75 स्टॉल प्रदर्शित होंगे

8-9 फरवरी को वनिता विश्राम में सूरतवासी मिलेट्स के व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे, मुख्यमंत्री करेंगे वर्चुअल संबोधन

सूरत में दो दिवसीय मिलेट्स महोत्सव, प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के 75 स्टॉल प्रदर्शित होंगे

भारत सरकार और संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 2023 को मिलेट्स वर्ष  घोषित किया गया था। तत् पाश्चात् सूरत सहित गुजरात में भी मिलेट्स को प्रोत्साहन मिले ऐसे प्रयास किया जा रहे हैं। प्राकृतिक खेती द्वारा उत्पन्न मिलटेस का स्वाद सूरतवासियों को भी प्राप्त हो इसके लिए आगामी 8-9 फरवरी को सूरत कृषि विभाग और सूरत महानगरपालिका के संयुक्त प्रयास से वनिता विश्राम में मिलेट्स महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में गुजरात के मुख्यमंत्री वर्चुअल संबोधन करेंगे।

इस मिलेट्स महोत्सव में सूरत सहित दक्षिण गुजरात के वलसाड़, डांग, तापी, नवसारी जिलों के प्राकृतिक खेती करने वाले लगभग 60 किसानों के 75 स्टॉल में मिलेट्स से बने उत्पाद प्रदर्शित किये जायेंगे। किसान मिलेट्स की विशेषता के बारे में भी जानकारी देंगे। लुप्त होती पारंपरिक व्यंजन भी इस महोत्सव में परोसे जाएंगे। साथ ही, प्राकृतिक खेती करने वाले सूरत जिले के किसान सब्जियां, विभिन्न मिलेट्स और मसालों की बिक्री भी करेंगे।

प्राकृतिक कृषि उत्पादों से जुड़े कई समूह इस महोत्सव में हिस्सा लेंगे। शहरवासियों को अगर बाद में मिलेट्स उत्पाद खरीदने हों तो सभी विक्रेताओं की जानकारी इस महोत्सव में डिसप्ले की जाएगी। आज की पीढ़ी फास्ट फूड और जंक फूड की ओर बढ़ रही है, जिससे पारंपरिक और सेहतमंद खाद्य पदार्थों के बारे में जानकारी कम होती जा रही है। ऐसे में, मिलेट्स महोत्सव के जरिए लोगों को ज्वार, बाजरा, रागी, ताजी सब्जियां, लुप्तप्राय आमबामोर, इंद्राणी ब्लैक राइस, लाल कड़ा आदि उपलब्ध कराए जाएंगे। पिछले साल दयालजी आश्रम में इस महोत्सव का आयोजन हुआ था जिसमें 2 दिनों में लगभग 30-35 लाख रुपये का व्यापार हुआ था। इस साल अधिक से अधिक लोग इस महोत्सव में भाग लें, इसके लिए अपील की गई है।

स्वास्थ्य के लिये लाभदायी

मिलेट्स के सेवन से गंभीर बीमारियों का खतरा कम होता है। मिलेट्स अर्थात बाजरा, ज्वार, जव, रागी, राजगीर आदि मोटे अनाज कई पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं जो पाचन में भी मददगार होते हैं। इनका नियमित सेवन करने से ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, स्ट्रोक, आंतों का कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा कम हो जाता है।

Tags: Surat