सूरत :  श्री श्याम अखंड ज्योत सेवा समिति का आयोजन श्री राम कथा  24 सितम्बर से

  कथा में अवधेशानंदगिरी महाराज करेंगे प्रभु श्री राम के विभिन्न प्रसंगों का वर्णन

सूरत :  श्री श्याम अखंड ज्योत सेवा समिति का आयोजन श्री राम कथा  24 सितम्बर से

आज निकलेगी तुलसी कलश यात्रा

धार्मिक, आध्यात्मिक एवं औद्योगिक नगरी सूरत में श्री श्याम अखंड ज्योत सेवा समिति द्वारा 24 से 30 सितम्बर 2024 तक 7 दिवसीय श्री रामकथा का आयोजन किया गया है। कथा वीआईपी रोड स्थित मेहंदीपुर बालाजी मंदिर की गली में ग्रीन वैली सोसायटी के सामने निर्मित विशाल पंडाल में होगी। समिति के सुशील चिरानियां एवं पवन गोयल ने बताया कि कथा में जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंदगिरी महाराज व्यासपीठ से प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक श्री राम कथा का रसपान कराएंगे।

निवेदक श्री प्रभु प्रेमी संघ ने बताया कि शहर में छात्रावास निर्माण के उद्देशय से आयोजित होने वाली श्री रामकथा के दौरान 22 से 30 सितम्बर तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक कथा स्थल पर श्री रामचरितमानस के नवाह्नपारायण पाठ किए जाएंगे। इस दौरान कई श्रद्धालु नियमित भाग लेंगे। 22 सितम्बर शाम 4 बजे से श्री श्याम अखंड ज्योत पाठ होगा। 23 सितम्बर को शाम 7.30 बजे सुंदरकांड पाठ एवं 28 व 29 सितम्बर को श्री श्याम भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। जिसमें आमंत्रित कलाकारों के अलावा स्थानीय गायक भी भजनों की प्रस्तुति देंगे।                           

तुलसी कलश यात्रा

श्री राम कथा से पूर्व रविवार 22 सितम्बर को सुबह 8 बजे श्री श्याम मंदिर, सूरतधाम से बाजे -गाजे के साथ तुलसी कलश यात्रा निकाली जाएगी। समिति के बसंत जालान एवं रघुवीर सिंघानिया ने बताया कि कलश यात्रा में नवसारी के धरमदास महाराज विशेष रूप से उपस्तिथ रहेंगे। इसके अलावा कलश यात्रा में बग्गी,घोड़े सहित चुनडी वेश में सज-धज सैकड़ों महिलाएं सर पर तुलसी गमले लेकर व मुख्य यजमान श्याम सुंदर अग्रवाल एवं कौशल खंडेलिया आदि 51 यजमान कलश लेकर अन्य लोगों के साथ श्री राम के जयकारे लगाते हुए चलेंगे। यात्रा विभिन्न मार्गों से होकर कथा स्थल पहुँचेगी। यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा एवं शीतल पेय से स्वागत किया जायेगा।
                     

विभिन्न समितियों का किया गठन

आयोजक श्री श्याम अखंड ज्योत सेवा समिति के सभी पदाधिकारी, सदस्य तथा प्रभु प्रेमी संघ के सैकड़ों कार्यकर्ता व राम कथा से जुड़े सभी भाविक भक्तों की उपस्थिति में शुक्रवार रात्रि 8 बजे कथा स्थल पर एक मीटिंग का आयोजन किया गया। जिसमें कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालन करने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर सबको अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गयी। सभी कार्यकर्ता जोरदार तैयारी में लगे हुए हैं। समिति के दीपक खैराडी ने बताया कि महाराज के सैकड़ों भक्त देश के विभिन्न शहरों से कथा श्रवण के लिए सूरत आयेंगे।

Tags: Surat