सूरत में शांतिपूर्ण गणेश विसर्जन, पुलिस व्यवस्था की प्रशंसा

नगर निगम के 21 कुत्रिम झील के अलावा डुमस और हजीरा समुद्र तट पर 70 हजार से अधिक प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन

सूरत में शांतिपूर्ण गणेश विसर्जन, पुलिस व्यवस्था की प्रशंसा

सूरत में गणेश विसर्जन यात्रा इस बार पहले से अधिक शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। शहर की पुलिस ने पुख्ता बंदोबस्त के साथ यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देर रात तक चली विसर्जन प्रक्रिया में 70 हजार से अधिक प्रतिमाओं का शांतिपूर्ण विसर्जन हुआ। 

सूरत के पुराने शहर में स्थित चौक बाजार से शुरू होकर यह यात्रा दोपहर तक राजमार्ग से होकर गुजरी। इस बार गणेश भक्तों ने विसर्जन का काम जल्दी शुरू कर दिया, जिससे यात्रा सुचारू रूप से संपन्न हुई। पुलिस ने भी गणेश आयोजकों को यात्रा जल्दी शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया।

सूरत शहर पुलिस ने यात्रा के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए। चौटाबाजार, भागातलाव और चौक क्षेत्र की सभी गलियों को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया। राजमार्ग को सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद कर दिया गया, लेकिन गलियों से लोगों की आवाजाही जारी रही।

शहर पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने बताया कि 2200 कैमरों के साथ शहर भर के पुलिस नियंत्रण कक्ष में पूरी यात्रा की निगरानी की गई। क्राइम ब्रांच ने 12 ड्रोन कैमरों से संवेदनशील इलाकों की निगरानी की। 2 डीसीपी और 40 पुलिस कर्मियों का स्टाफ इस कार्य में लगाया गया था।

चौकबाजार में हिंदू मिलन मंदिर की गणेश प्रतिमा का स्वागत करते हुए, स्वामी अंबरीशानंदजी, मेयर दक्षेश मावानी, पूर्व मेयर कादिरभाई पीरजादा और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने प्रेम, सद्भावना और सांप्रदायिक एकता का संदेश दिया।

सूरत नगर निगम द्वारा निर्मित 21 कुत्रिम झील और डुमस तथा हजीरा समुद्रतट पर रात 9 बजे तक छोटी बड़ी 70 हजार से अधिक गणेश प्रतिमाओं का शांतीपूर्वक विसर्जन हुआ। 

Tags: Surat