सूरत : समाजसेवी छोटूभाई पाटिल ने 61वां जन्मदिन सिविल अस्पताल में सेवा के साथ मनाया

मरीजों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और सफाई कर्मचारियों के बीच वितरित किए फल, खिलौने, बेबी किट और अन्य उपयोगी सामान

सूरत : समाजसेवी छोटूभाई पाटिल ने 61वां जन्मदिन सिविल अस्पताल में सेवा के साथ मनाया

सूरत। समाजसेवा को अपना धर्म मानने वाले पूर्व रेलवे पीएसी सदस्य और पूर्व नगरसेवक छोटूभाई पाटिल ने अपना 61वां जन्मदिन न्यू सिविल अस्पताल में सेवा कार्यों के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने मरीजों और ज़रूरतमंदों को फल, व्हीलचेयर, बेबी किट, साड़ियां और कई उपयोगी वस्तुएं भेंट कीं।

छोटूभाई पाटिल और उनके परिवार की ओर से अस्पताल को 5 व्हीलचेयर, 3 ट्राइसाइकिल, 5 बग्गी, 5 वॉकर, और 171 बच्चों के लिए खिलौनों व प्लेट-कटोरी के सेट प्रदान किए गए। इसके साथ ही अस्पताल में भर्ती 1100 मरीजों को फल वितरित किए गए। गर्भवती और स्तनपान कराने वाली माताओं को साड़ियां और पोषण किट (जिसमें गुड़, खजूर और चने शामिल थे) भेंट की गईं। सफाई कर्मचारियों को भी साड़ियां देकर सम्मानित किया गया।

सेवा और शुभकामना का संदेश फैलाने के लिए अस्पताल परिसर में गुब्बारे छोड़े गए और पूरे वातावरण को उत्सवमयी बनाया गया।'सेवा परमो धर्म' के मूलमंत्र को आत्मसात करते हुए छोटूभाई पाटिल हर वर्ष अपना जन्मदिन समाज की सेवा में समर्पित करते हैं। इस बार भी यह आयोजन तीन दिनों तक चलने वाले सेवा कार्यक्रमों के रूप में मनाया गया।

गुजरात नर्सिंग काउंसिल के उपाध्यक्ष इकबाल कड़ीवाला ने इस मौके पर छोटूभाई को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और कहा कि, "पिछले 35 वर्षों से वे न्यू सिविल अस्पताल में सेवा कार्यों से जुड़े हैं। कोरोना काल, प्राकृतिक आपदा या कोई भी आपात स्थिति हो — उनका फोन हमेशा मदद के लिए तैयार रहता है।"

शहर भाजपा अध्यक्ष परेशभाई पटेल ने छोटूभाई की सराहना करते हुए कहा, "छोटूभाई समाज सेवा के पर्याय हैं। उन्होंने कोरोना काल में बिना रुके दिन-रात सेवा की और आज भी हर ज़रूरतमंद को सहायता पहुंचाने के लिए तत्पर रहते हैं।"

इस सेवा कार्यक्रम में नगरसेवक दीनानाथ पाटिल, गीताबेन रबारी, उर्मीलाबेन त्रिपाठी, डॉ. बलवंत पटेल, छोटूभाई की पत्नी पार्षद रोहिणीबेन, डॉ. केतन नायक, इकबाल कड़ीवाला, विभोर चुग, बिपिन मेकवान, नीलेश लाठिया सहित मेडिकल और नर्सिंग स्टाफ की उपस्थिति रही।

इस अवसर पर रक्तदान, नेत्र जांच और अन्य चिकित्सा शिविरों की भी रूपरेखा तैयार की गई, ताकि सूरत शहर में स्वास्थ्य सेवा और मानवता की भावना को और मजबूती मिल सके।

Tags: Surat