सूरत : श्री श्री 108 सतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ आज से 

चैत्र नवरात्रि उत्सव रविवार से शुरू होगा

सूरत : श्री श्री 108 सतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ आज से 

चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री वैष्णो द्वार, सिटी लाइट में श्री श्री 108 सतचंडी महायज्ञ का भव्य आयोजन रविवार से प्रारंभ होगा। मां वैष्णो देवी की कृपा से 32 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के तहत विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार, सोडसोपचार पूजा, अलौकिक श्रृंगार, भजन-कीर्तन और अखंड ज्योत के साथ महायज्ञ संपन्न किया जाएगा। यह आयोजन 30 मार्च से 6 अप्रैल 2025 तक चलेगा। महायज्ञ के यज्ञाचार्य गोपालजी शास्त्री एवं उनके सहपाठी इस पावन अनुष्ठान का संचालन कर रहे हैं। 

मां भगवती की परम आराधिका संगीता खेतान (माताजी) ने बताया कि मां वैष्णो देवी का दरबार प्रतिदिन अलौकिक फूलों से श्रृंगारित किया जाएगा। 4 अप्रैल (शुक्रवार) शाम 8:00 बजे 2100 दीपों से मां के विभिन्न रूपों की आराधना। जबकि 5 अप्रैल (शनिवार) दोपहर 1:00 बजे 31000 विविध फलों एवं 2100 कमल पुष्पों से सहस्त्र चरण अर्चना तथा रात्रि 8:00 बजे 108 कन्याओं के रूप में मां के स्वरूपों का आवाहन होगा।
  
आगामी 6 अप्रैल (रविवार) को सुबह 8:00 बजे से हवन, कमल पुष्प अर्चन एवं कन्या पूजन। 11000 कन्याओं का पूजन तेरापंथ भवन, सिटी लाइट,सूरत में होगा। इसी दिन कन्या पूजन के पश्चात सायं 7 बजे से देर रात तक भव्य महाप्रसाद सूरतवासियों के लिए आयोजित किया जाएगा। इस दिव्य आयोजन में सूरत के भक्तजनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करने का अनुरोध किया गया है।

Tags: Surat