सूरत : गर्लफ्रेंड को मैसेज करने पर युवक पर चाकू से हमला, दो आरोपी फरार

सूरत के कोसाड आवास में देर रात हुई वारदात, पुलिस ने दर्ज किया मामला

सूरत : गर्लफ्रेंड को मैसेज करने पर युवक पर चाकू से हमला, दो आरोपी फरार

शहर के अमरोली थाना क्षेत्र के कोसाड आवास में बीती रात एक युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। हमला करने का कारण एक लड़की को इंस्टाग्राम पर मैसेज करना बताया जा रहा है। पीड़ित को लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शफीक जमीरुल शेख बीती रात कोसाड आवास में सब्जी मंडी के पास मौजूद था। तभी आरोपी साहिल शेख और जेनिश गोकडिया वहां पहुंचे और साहिल ने शफीक से गर्लफ्रेंड को इंस्टाग्राम पर मैसेज करने को लेकर सवाल किया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने शफीक से गाली-गलौज शुरू कर दी और झगड़ा बढ़ने पर मारपीट करने लगे। 

इसी बीच आरोपी जेनिश गोकडिया ने चाकू निकालकर शफीक के पेट, जांघ और पीठ पर कई वार कर उसे लहूलुहान कर दिया और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने शफीक को गंभीर हालत में देखकर उसके परिवारवालों को सूचना दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

शफीक के पिता जमीरुल शेख ने अमरोली पुलिस स्टेशन में साहिल शेख और जेनिश गोकडिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Tags: Surat