भाजपा सरकार दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और संपन्न बनाकर दुनिया की सर्वश्रेष्ठ राजधानी बनाएगी: शाह
नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर रेखा गुप्ता को बधाई दी और कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार राष्ट्रीय राजधानी को स्वच्छ, सुंदर और संपन्न बनाकर दुनिया की सर्वश्रेष्ठ राजधानी बनाएगी।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की पूर्व अध्यक्ष और पहली बार विधायक निर्वाचित हुईं रेखा गुप्ता दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन गईं। राष्ट्रीय राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली की जनता ने ‘धोखे और वादाखिलाफी के राज’ को समाप्त कर सेवा और समर्पण की पर्याय भाजपा को चुना है।
उन्होंने कहा, ‘‘आज नवगठित भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर रेखा गुप्ता तथा अन्य सभी मंत्रियों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली के वंचितों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के कल्याण के लिए विकसित दिल्ली का जो विजन बनाया है, वह आप सभी के कुशल नेतृत्व में निश्चित साकार होगा। भाजपा सरकार दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और संपन्न बनाकर दुनिया की सर्वश्रेष्ठ राजधानी बनाएगी।’’
हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुई हैं।
वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री बनी हैं। इसके साथ ही वह, वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री भी बन गई हैं।