सूरत : दिल्ली की यह ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के स्वर्णिम भविष्य का संकेत : अरविंद सिंह
यह जीत सिर्फ भाजपा की नहीं, बल्कि भारत के लोकतंत्र और विकासवादी सोच की भी जीत है
गुजरात के भाजपा नेता एवं हिंदीभाषी महासंघ के महासचिव अरविंद सिंह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और सभी नव-निर्वाचित भाजपा विधायकों को हार्दिक बधाई दी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की जीत ने जहां सुशासन, स्थिरता और विकास की राजनीति को जनता की पहली पसंद साबित किया, वहीं उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर सीट पर जीत ने यह संदेश दे दिया कि अयोध्या को लेकर किया जा रहा भाजपा-विरोधी दुष्प्रचार पूरी तरह असफल हो गया है।
अरविंद सिंह ने कहा कि मिल्कीपुर में भाजपा की जीत ने उन सभी भ्रमों को तोड़ दिया, जो यह दिखाने की कोशिश कर रहे थे कि अयोध्या में भाजपा की पकड़ कमजोर हो रही है। यह जीत स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा पर अटूट विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि योगीजी ने जिस तरह कानून-व्यवस्था, विकास और हिंदुत्व को नई दिशा दी है, उसने उत्तर प्रदेश को देश का सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक और सांस्कृतिक केंद्र बना दिया है।
उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अद्वितीय नेतृत्व, अमित शाह की प्रभावी रणनीति और जेपी नड्डा जी के कुशल संगठन कौशल का परिणाम है। भाजपा ने लगभग 30 वर्षों बाद दिल्ली में बहुमत हासिल कर एक नया इतिहास रच दिया है जो जनता के विश्वास और पार्टी की नीति-सिद्धांतों की विजय है।
उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक चुनावी सफलता नहीं, बल्कि भारत के लोकतंत्र में एक ऐतिहासिक बदलाव का संकेत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व आज सिर्फ राजनीतिक नेतृत्व नहीं, बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण की प्रेरणा है। उनकी नीतियाँ गरीबों, मध्यम वर्ग, युवाओं और किसानों के हित में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रही हैं। दिल्ली की जनता ने इस चुनाव में यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि वह भ्रष्टाचार, वादाखिलाफी और कुशासन को अस्वीकार करती है और भाजपा की नीति, नीयत और नेतृत्व में विश्वास रखती है।
श्री सिंह ने कहा कि परिवर्तन का संदेश दिल्ली की जनता के दिलों में गूंज उठा है और उन्होंने भाजपा को स्थिरता एवं बेहतर शासन के लिए चुना है। आम आदमी पार्टी की सरकार से निराश दिल्ली के मतदाताओं ने भ्रष्टाचार, कुप्रशासन और ठहरे हुए विकास को नकारते हुए "डबल इंजन सरकार" को प्राथमिकता दी है, जो केंद्र और राज्य दोनों में भाजपा की मजबूती को दर्शाता है।
उन्होंने आगे कहा कि अरविंद केजरीवाल की सरकार भ्रष्टाचार के आरोपों, सुशासन की विफलता और पार्टी के नेताओं की जेल यात्रा के कारण जनता के विश्वास को खो चुकी थी। भाजपा की निर्णायक जीत इस बात का प्रमाण है कि दिल्ली की जनता अब स्थिरता, विकास और स्वच्छ शासन चाहती है।
श्री सिंह ने कहा कि हाल ही में हरियाणा और महाराष्ट्र में भी भाजपा की जीत के बाद दिल्ली की यह विजय पार्टी की राष्ट्रव्यापी लोकप्रियता को और मजबूत करती है। यह जीत सिर्फ भाजपा की नहीं, बल्कि भारत के लोकतंत्र और विकासवादी सोच की भी जीत है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की यह ऐतिहासिक जीत केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे देश में भाजपा की बढ़ती शक्ति और मोदी जी के नेतृत्व में भारत के स्वर्णिम भविष्य का संकेत है
उन्होंने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को इस ऐतिहासिक विजय के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह केवल एक शुरुआत है, आने वाले समय में भाजपा पूरे देश में और अधिक मजबूत होगी और "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के संकल्प को और आगे बढ़ाएगी।