सूरत-मुंबई फ्लाइंग रानी में शुक्रवार से फिर जुड़ा फर्स्ट क्लास कोच
सूरत। सूरत से रवाना होने वाली फ्लाइंग रानी एक्सप्रेस में आज शुक्रवार से पुनः फर्स्ट क्लास कोच जोड़ दिया गया। जुलाई 2023 में ट्रेन में TCF कोच की जगह LHB कोच लगाए गए थे, जिसके कारण फर्स्ट क्लास कोच को हटा दिया गया था। अब पूरे 20 महीने बाद इसे फिर से जोड़ा गया है। ऐसे में आज से यात्री एक बार फिर से फर्स्ट क्लास की सुविधाओं का आनंद ले सकेंगे।
बता दें कि सूरत-मुंबई के बीच चलने वाली 12922 फ्लाइंग रानी से फर्स्ट क्लास कोच हटाए जाने के बाद से यात्री लगातार इसे वापस जोड़ने की मांग कर रहे थे। जब कोच हटाया गया था, तब यात्रियों ने इसका विरोध भी किया था, लेकिन नए और सुरक्षित कोच लगाए जाने की आवश्यकता को देखते हुए इसे हटाना पड़ा था।
इस नए कोच को खास तरीके से डिजाइन किया गया है ताकि यह अन्य कोचों से अलग दिखे। कोच के बैठने की जगह, गैलरी और टॉयलेट-बाथरूम में उच्च गुणवत्ता वाली कस्टम विनाइल ग्राफिक्स का उपयोग किया गया है। इसके अलावा, कोच की छत पर ऐतिहासिक स्थलों और स्मारकों की कलाकृतियां उकेरी गई हैं, जबकि खिड़कियों पर पारदर्शी फिल्म लगाई गई है।