गिर के जंगलों में पालतू जानवरों का शिकार कर रहे हैं शेर : सरकार

गिर के जंगलों में पालतू जानवरों का शिकार कर रहे हैं शेर :  सरकार

नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) गुजरात के गिर के जंगलों में शेरों द्वारा पालतू जानवरों को मारने की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। ताजा सरकारी आंकड़ों के अनुसार 2023-24 में ऐसी 4,385 घटनाएं हुईं जो सर्वाधिक हैं।

गिर एशियाई शेरों का एकमात्र प्राकृतिक आवास है।

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने गुजरात सरकार के आंकड़ों का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को राज्यसभा में बताया कि शेरों की ओर से पालतू जानवरों को मारने की घटनाएं 2019-20 में 2,605 से बढ़कर 2020-21 में 3,244; 2021-22 में 3,659; 2022-23 में 3,670 और 2023-24 में 4,385 हो गईं।

उन्होंने एक सवाल के लिखित जवाब में कहा कि गिर में शेरों के लिए पर्याप्त शिकार आधार है और शिकार करने वाले जानवरों की संख्या बढ़ रही है।

आंकड़ों से पता चलता है कि गिर के जंगल में शिकार के लिए उपलब्ध जानवरों की संख्या वर्ष 2019 में 1,55,659 से बढ़कर वर्ष 2022 में 2,02,993 और वर्ष 2024 में 2,13,391 हो गई।

जून 2020 में गुजरात में एशियाई शेरों की आबादी 674 थी, जो 2015 में 523 थी।

‘नेचर’ पत्रिका में 2022 में प्रकाशित एक वैज्ञानिक रिपोर्ट से पता चला है कि 48 प्रतिशत शेर संरक्षित क्षेत्रों के बाहर फैल चले गए थे।