सूरत : ब्राह्मण महापंचायत की तैयारियां जोरों पर, कार्यकर्ताओं ने दिखाई प्रतिबद्धता
गोड़ादरा स्थित कार्यालय में विप्र सेना के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई
सूरत में विप्र सेना द्वारा आयोजित इस वर्ष की ब्राह्मण महापंचायत की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। आयोजन के लिए गोड़ादरा स्थित कार्यालय में विप्र सेना के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं ने अपने संकल्प और प्रतिबद्धता व्यक्त की।
बैठक को संबोधित करते हुए विप्र सेना के गुजरात प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष ललित शर्मा ने कहा, "हम ब्राह्मण समाज को एकजुट करने के उद्देश्य से यह आयोजन कर रहे हैं। इस महापंचायत में अधिक से अधिक ब्राह्मणों की भागीदारी सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।" उन्होंने यह भी बताया कि विप्र सेना ने इस आयोजन के लिए चंदा मांगने की परंपरा से अलग हटकर, स्वेच्छा से योगदान देने की नीति अपनाई है।
विप्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक सुनील तिवाड़ी ने आश्वासन दिया कि महापंचायत से जुड़े सभी खर्चों को पूरा करने के लिए यदि स्वैच्छिक धनराशि पर्याप्त नहीं होती, तो शेष धनराशि का वहन डॉ. नंदलाल तिवाड़ी द्वारा किया जाएगा।
इस महापंचायत का उद्देश्य ब्राह्मण समाज को संगठित कर, समाज की विविध समस्याओं को हल करना और सनातन संस्कृति की अभिवृद्धि करना है। रमेश शर्मा खटोड़, विप्र सेना के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, ने कहा कि यह कार्यक्रम जयपुर के रिकॉर्ड को तोड़ने वाला होगा और समाज को नया जोश और आत्मविश्वास प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया है। कविता तिवारी ने बताया कि महिला शक्ति द्वारा ब्राह्मण परिवारों में पीले चावल वितरित कर सभी को इस आयोजन में शामिल होने का अनुरोध किया जाएगा। जिला युवाध्यक्ष जय शर्मा ने अपनी पूरी ऊर्जा और समय इस कार्यक्रम को समर्पित करने की घोषणा की।
बैठक में सूरत जिलाध्यक्ष कृष्ण मुरारी शर्मा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की सफलता के लिए संकल्प दिलवाया। साथ ही, महिला शक्ति से लेकर युवा कार्यकर्ताओं तक, सभी ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए अपने पूर्ण प्रयास करने का आश्वासन दिया।
इस मीटिंग में अन्य प्रमुख उपस्थित सदस्यों में राम सारस्वत,सुखराम दिवाकर, सुरेश जोशी,गणेश उपाध्याय,कृष्णा जोशी,कन्हैयालाल उपाध्याय, निर्मल वैष्णव,प्रितेश वैष्णब,मुरली मनोहर वैष्णव,लकी पालीवाल,पुरषोतम गौड,राहुल ओझा,गिरिराज सारस्वत,राधे दायमा,राकेश दाधीच,आशीष पालीवाल, रामलाल उपाध्याय, कविता तिवारी,सरस्वती शर्मा,कीर्ती मिश्रा,किरण सारस्वत, गायत्री,बसन्ती देवी,पूनम, इंद्रा देवी,दीपिका उपाध्याय,सुनीता शर्मा,बेबी देवी,उमा,ललित खंडेलवाल आदि के साथ कई अन्य जमीनी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ब्राह्मण महापंचायत का आयोजन 21 दिसंबर 2025 को होगा। यह आयोजन गुजरात ही नहीं, पूरे भारत में ब्राह्मण समाज के लिए एकता और प्रेरणा का प्रतीक बनेगा। कार्यकर्ताओं ने इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए हर गली और गांव तक पहुंचने का संकल्प लिया।
यह महापंचायत न केवल समाज को संगठित करने का एक प्रयास है, बल्कि ब्राह्मण समाज की पहचान, वर्चस्व और योगदान को प्रकट करने का एक ऐतिहासिक अवसर भी है।