सूरत में होगी ऐतिहासिक ब्राह्मण महापंचायत: तैयारियां जोरों पर
21 दिसंबर 2025 को सूरत में एक भव्य ब्राह्मण महापंचायत आयोजित की जाएगी
सूरत : जयपुर राजस्थान एवं सिरसा हरियाणा में हुए ब्राह्मण महापंचायत की ऐतिहासिक सफलता के बाद, रविवार 21 दिसंबर 2025 को सूरत में विशाल ब्राह्मण महापंचायत के लिए तैयारियां शुरू हो गई है। इस ब्राह्मण महापंचायत में देश के सभी राज्यों एवं गुजरात के सभी जिलों के विप्र बंधुओं की उपस्थिति एक नया इतिहास बनाएगी।
माना जा रहा है कि शहर की सड़कों से गांव के कच्चे रास्तों तक भगवान परशुराम जी के जयकारे लगाते हुए ब्राह्मण समाज के लोग सूरत की ओर बढ़ेंगे जिससे पूरा क्षेत्र ब्राह्मणमय हो जाएगा।
सूरत में होने वाली ब्राह्मण महापंचायत के लिए विप्र सेना एवं सभी ब्राह्मण संगठनों ने अपनी तैयारी आरंभ कर दी है, सभी ब्राह्मण संगठन इस महापंचायत के लिए एकजुट है और इस ऐतिहासिक बनाने के लिए दिन-रात जुटने प्रारम्भ हो गए है।
कार्यक्रम में प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश एवं विदेशों से भी ब्राह्मण बंधु शिरकत करेंगे जिसके लिए सभी को आमंत्रण भेजा जा रहा है। देश भर के साधु संतों को कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रण भेजना प्रारम्भ हो गया हैं, जैसा कि पहले की महापंचायत में हुआ की स्टेज पर सिर्फ साधु संतों को ही स्थान दिया जाता रहा है वैसे ही 21 दिसंबर को सूरत में होने वाली महापंचायत में भी स्टेज पर सिर्फ साधु संतों को ही बैठाया जाएगा।
कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए प्रदेश स्तर, संभाग स्तर, जिला स्तर, तालुका स्तर पर कार्यकारिणी बनाई जा रही है जिनमें 10 से लेकर 100 लोगों तक की टीम बनाई जा रही है।
युवा टीम एवं महिला टीम अपने स्तर पर अलग कार्य करते हुए युवाओं एवं ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को कार्यक्रम में जोड़ने का प्रयास कर रही है।
21 दिसंबर से पहले गुजरात के सभी जिलों में छोटी-छोटी मीटिंग करके ज्यादा से ज्यादा लोगों को आमंत्रित किया जाएगा तथा उनके आवागमन के लिए छोटी गाड़ियों से बड़ी बसों की व्यवस्था भी की जा रही है।
प्रदेश एवं देश के ब्राह्मण जनप्रतिनिधियों को इसके लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
प्रदेशभर में सामाजिक समागमों, बैठकों और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाजबंधुओं को ब्राह्मण महापंचायत में आने का निमंत्रण देना प्रारम्भ हो गया है। अभी कार्यक्रम में काफी समय बाकी है फिर भी कार्यक्रम की विशालता को देखते हुए अभी से सारा कार्य प्रारंभ किया जा चुका है, उसी के तहत प्रदेशभर में करीब 2 हजार किलो पीले चांवलों के माध्यम से गणेश निमंत्रण दिया जाएगा। प्रदेशभर में फैले विप्रसेना के कार्यकर्ता अधिक से अधिक समाजबंधुओं के घरों पर जाकर उन्हें पीले चांवल देकर महापंचायत में आने का निमंत्रण देंगे।
सहयोग के लिए आगे आए भामाशाह
कार्यक्रम की घोषणा होते ही ब्राह्मण समाज मे इसकी सरगर्मी बढ़ गई है। पहले इसे गणतंत्र दिवस के बाद घोषित करने का कार्यक्रम तय था लेकिन लोगो की उत्सुकता को देखते हुए कार्यक्रम की घोषणा इससे पूर्व ही कर दी गई। इसके फलस्वरूप गुजरात तथा देशभर से समाज के प्रतिष्ठित व्यक्ति बढ़-चढ़कर महापंचायत को सफल बनाने की तैयारियों के लिए आगे आना चालू हो गए है। गुजरात के अतिरिक्त हरियाणा, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश , उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में लोग ब्राह्मण महापंचायत में शिरकत करेंगे। हजारों की संख्या में सूरत आने वाले इन समाज बंधुओं के वाहनों, निवास और भोजन की व्यवस्था किस प्रकार किया जाए इस बारे में भी भामाशाहों से संपर्क हो रहा है। पूरे देशभर से भामाशाह स्वप्रेरणा से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आगे आना चालू हो गए है।
संभाग स्तर पर एक साथ निकलेंगी वाहन रैलियां
ब्राह्मण महापंचायत में युवाओं की बढ़-चढ़कर भागीदारी होगी। महापंचायत से पहले प्रदेश के प्रमुख शहरों में एक ही दिन, एक ही समय वाहन रैलियां निकाली जाएंगी। जिनमें हजारों की संख्या में युवा भाग लेंगे। विप्र सेना के इस समागम से युवाओं को जोड़ने के लिए प्रदेश भर से युवाओं का सदस्यता अभियान चलाया गया। जिसमें करीब 5 हजार युवाओं को सक्रिय सदस्यता प्रदान की जाएगी, जो इस महापंचायत को सफल बनाने के लिए प्रदेशस्तर पर जनसंपर्क करेंगे। इसके अतिरिक्त प्रदेश के सभी जिलों में नए सिरे से युवा प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
महिला मोर्चा ने भी संभालेगा कमान
विप्र सेना की ब्राह्मण महापंचायत को सफल बनाने के लिए महिला मोर्चा भी पूरी तरह सक्रिय हो रहा है। प्रदेश में 300 से अधिक जनसंपर्क कार्यक्रम महिला मोर्चा द्वारा आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से महिलाओं और युवतियों को इस कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। प्रदेशभर से बड़ी संख्या में महिला कॉलेज और एनजीओ भी विप्र सेना के इस अनूठे आयोजन में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। सूरत में भी करीब 100 से अधिक छोटे-बड़े कार्यकर्ता सम्मेलन महिला मोर्चा ने आयोजित किए जाएंगे।
सामाजिक सद्भाव की मिसाल बनेगी ब्राहमण महापंचायत
ब्राह्मण महापंचायत के माध्यम से विप्र समाज जहां एक तरफ हिंदू समाज के एकीकरण की बात करेगा, वहीं यह कार्यक्रम सामाजिक सद्भाव की मिसाल भी बनेगा। इसी के तहत संभाग स्तर पर और जिला स्तर पर ब्राह्मण समाज के विभिन्न आयोजन चालू किये जायेंगे ताकि लोगों से ब्राह्मण महापंचायत में जुड़ने का आह्वान किया जा सके। इसके अलावा ब्राह्मण महापंचायत के मंच से सभी समाजों की प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। आयोजिन के लिए एक दर्जन समितियों का गठन किया जाएगा, जो इस आयोजन को सफल बनाने में अपना सहयोग करेगी। जिला स्तर पर भी विप्र सेना की इकाईयों की कमेटियां बनाकर तैयारियां शुरू की गई हैं।