सूरत : राम के अग्निबाण लगते ही धू-धूकर जल उठा रावण

असत्य पर सत्य की जीत का पर्व विजयदशमी धूमधाम से मनाया गया 

सूरत : राम के अग्निबाण लगते ही धू-धूकर जल उठा रावण

आदर्श राम लीला ट्रस्ट द्वारा शनिवार को विजयादशमी पर वेसू में नंदिनी-3  के पास मनपा के मैदान में अहंकारी रावण का वध कर राम ने एक बार फिर से सत्य की जीत दिलाई। राम के अग्निबाण लगते ही रावण धू-धूकर जल उठा। इस बार रावण के साथ कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का भी दहन किया गया। 

ट्रस्ट के अध्यक्ष रतन गोयल, महामंत्री अनिल अग्रवाल ने बताया कि इस दौरान आतिशबाजी देखने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। वहीं  रावण के 65 फिट के पुतले के पास आतिशबाजी करके असत्य पर सत्य की जीत का जश्न मनाया गया। शहर के वेसू में दशहरा धूमधाम से मनाया गया। सूरज ढलते ही लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।

रथ पर सवार होकर राम और लक्ष्मण पहुंचते हैं। रावण और राम का युद्ध होता है। करीब आधे घंटे तक युद्ध का मंचन हुआ। इसके बाद राम ने अग्निबाण से रावण का वध किया। इस अवसर पर  शहर पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत सहित  अन्य गणमान्य व्यक्ति रावण दहन कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Tags: Surat