गांधीनगर : मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने विजया दशमी के पावन पर्व पर शस्त्र पूजन किया

मुख्यमंत्री आवास परिसर के प्रांगण में अपने सुरक्षा कर्मचारियों के साथ शास्त्रोक्त विधि से शस्त्रों का पूजन किया

गांधीनगर : मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने विजया दशमी के पावन पर्व पर शस्त्र पूजन किया

गांधीनगर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शनिवार को विजया दशमी के पावन पर्व पर शस्त्र पूजन कर शस्त्र एवं शास्त्र के महात्म्य को उजागर किया।

आसुरी शक्ति पर दैवी शक्ति की विजय के प्रतीक समान विजया दशमी-दशहरा पर्व पर शस्त्र पूजन की परंपरा भारतीय संस्कृति में सदियों से चली आ रही है।

पटेल ने इस परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री आवास परिसर के प्रांगण में अपने सुरक्षा कर्मचारियों के साथ शास्त्रोक्त विधि से शस्त्रों का पूजन किया।उन्होंने सुरक्षा कर्मचारियों को विजया दशमी पर्व की शुभकामनाएँ भी दीं।

मुख्यमंत्री ने सुरक्षा कर्मचारियों को प्रेरणा देते हुए कर्तव्य भावना के साथ कर्म बंधन के जुड़े होने के विषय में विस्तार से परामर्श दिया। उन्होंने कहा कि रक्षा-सुरक्षा के दायित्व के निर्वहन के साथ-साथ संवेदना, करुणा एवं सत्कर्मों से मोक्ष प्राप्ति का विचार भी रख कर कर्तव्यरत रहें। यही सच्चा कर्मयोग तथा सच्ची कर्तव्यनिष्ठा भावना है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाले सुरक्षा कर्मचारियों के प्रमुख पुलिस अधीक्षक चिंतन तेरैया ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। शस्त्र पूजन में मुख्यमंत्री सुरक्षा व्यवस्था के पुलिस उपाधीक्षकों, पुलिस निरीक्षकों, पुलिस उप निरीक्षकों, कमांडो तथा वाहन चालकों आदि ने भी भाग लिया। मुख्यमंत्री आवास पर विजया दशमी पर्व पर शस्त्र पूजन की यह परंपरा वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान आरंभ कराई है।