सूरत :  भटार माहेश्वरी सभा की ओर से 300 से अधिक कन्याओं का पूजन किया गया

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के थीम पर आयोजित कार्यक्रम में रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया

सूरत :  भटार माहेश्वरी सभा की ओर से 300 से अधिक कन्याओं का पूजन किया गया

शारदीय नवरात्रि के शुभ अवसर पर महाअष्टमी-नवमी के दिन शुक्रवार को सिटी लाइट स्थित माहेश्वरी भवन में भटार माहेश्वरी सभा द्वारा 2 से 10 वर्ष की आयु की 300 से अधिक कन्याओं का पूजन किया गया। सूरत में पहली बार ऐसा अनोखा आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग जुटे और एक साथ मिलकर इस दिन को मनाया। 

भटार माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष राजेश कोठारी, सचिव विकास डोडिया ने बताया कि यह कार्यक्रम जितना हमने सोचा था उससे कहीं अधिक सफल रहा। 251 देवी स्वरुपा कन्याओं के पूजन का आयोजन किया गया था, लेकिन कार्यक्रम में 300 से अधिक कन्याएं शामिल हुईं और उन सभी का पूजन किया गया। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के थीम पर आयोजित कार्यक्रम में रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया था। रंगोली प्रतियोगिता में विभिन्न संदेशों वाली रंगोली प्रदर्शित की गई, जिसमें महिलाओं के खिलाफ हिंसा को दर्शाने वाली रंगोली और मां दुर्गा की रंगोली भी शामिल थी।

सिटीलाइट मां वैष्णो द्वार: सामूहिक कन्या पूजन कर उपहार दिया 

D11102024-05

सिटीलाइट स्थित मां वैष्णो द्वार मंदिर की ओर से रामनवमी पर सामूहिक कन्या पूजन का आयोजन शुक्रवार को किया गया। मां वैष्णो की परम आराधिका माता जी के सानिध्य में कन्या पूजन कार्यक्रम तेरापंथ भवन, सिटीलाइट में हुआ। जिसमें एक साथ हजारों कन्याओं को चुनरी ओढ़ाई और कुमकुम-चंदन से तिलक कर विधि विधान से मां जगदम्बा स्वरूपा कन्याओं का पूजन किया गया। इसके बाद सभी कन्याओं को प्रसाद परोसा गया और उपहार दिए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मां के भक्तों ने उपस्थित रहकर सेवाएं दी। इस दौरान पूरा हाल मां के जयकारों से गूंजता रहा।

Tags: Surat