सूरत : विकास पदयात्रा का हुआ शुभारंभ, केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने दिखाई हरी झंडी

चौकबाजार किले से अडाजण बस डिपो तक निकली पदयात्रा, हजारों लोगों ने लिया भाग

सूरत : विकास पदयात्रा का हुआ शुभारंभ, केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने दिखाई हरी झंडी

सूरत: विकास सप्ताह 2024 के तहत आज सूरत में एक जोशीला आयोजन हुआ। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने शहर के ऐतिहासिक चौकबाजार किले से 'विकास पदयात्रा' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस यात्रा में हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

अडाजण बस डिपो तक आयोजित इस एक किलोमीटर की पैदल यात्रा में विभिन्न बैनरों के साथ नागरिकों ने उत्साह का माहौल बनाया। इस दौरान वित्त मंत्री कनु देसाई, शिक्षा मंत्री प्रफुल्ल पंसेरिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

 इस अवसर पर वित्त मंत्री कनुभाई देसाई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में गुजरात ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 23 वर्षों में गरीबों, वंचितों, महिलाओं, बच्चों और किसानों के कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं। वाइब्रेंट गुजरात, स्कूल प्रवेशोत्सव और गरीब कल्याण मेला जैसी पहलों ने गुजरात को देश का मॉडल राज्य बनाया है।

वित्त मंत्री कनुभाईदेसाई ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर गुजरात सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश में अग्रणी राज्य बन गया है। इसके साथ ही राज्य सरकार अब 'कैच द रेन' अभियान के तहत वर्षा जल संचयन पर भी जोर दे रही है।

इस कार्यक्रम में विधायक संदीपभाई देसाई, प्रवीणभाई घोघरी, पूर्णेशभाई मोदी, अरविंदभाई राणा, संगीता पाटिल, महापौर दक्षेशभाई मावानी, नगर निगम आयुक्त शालिनी अग्रवाल, जिला कलेक्टर डॉ. सौरभ पारघी, जिला विकास अधिकारी शिवानी गोयल, उप महापौर डॉ. नरेंद्र पाटिल, स्थायी समिति अध्यक्ष राजन पटेल , सत्ता पक्ष नेता शशिबेन त्रिपाठी, दंडक धर्मेश वानियावाला मौजूद रहे।

Tags: Surat