सूरत :  बिहार विकास परिषद, माँ दुर्गा पूजा महोत्सव में कर्मचारी भविष्य निधि आयुक्त ने नवाया शीश

म्युजिकल संध्या में हजारों की संख्या में श्रद्धालु भक्त शामिल हुए

सूरत :  बिहार विकास परिषद, माँ दुर्गा पूजा महोत्सव में कर्मचारी भविष्य निधि आयुक्त ने नवाया शीश

बिहार विकास परिषद् सूरत हर वर्ष की भांति, इस बार मां दुर्गा पूजा महोत्सव दिनांक 03.10.2024 से 12.10.2024 तक सिंधी समाज वाडी, विजय गारमेंट के पीछे रामनगर, रांदेर रोड सूरत पर आयोजित किया है। दुर्गा पूजा के सातवें दिन, मां कालरात्रि की पूजा की जाती है। मां कालरात्रि, मां दुर्गा का सातवां रूप हैं और इन्हें सबसे उग्र और शक्तिशाली स्वरूप माना जाता है। इनका स्वरूप अंधकार में चमकता हुआ प्रतीत होता है, जो बुरी शक्तियों और नकारात्मकता का नाश करने के लिए जाना जाता है। मां कालरात्रि अपने भक्तों को सभी प्रकार के भय से मुक्त करती हैं और उन्हें सुरक्षा प्रदान करती हैं।

बुधवार को सप्तमी तिथि को सप्तमी माता जी का आगमन हो चूका है, और माता जी के नेत्र से बंधी पट्टी भी खोल दी गई है।मां कालरात्रि का रंग काला है, और उनका स्वरूप अत्यंत भयानक दिखाई देता है। इनके चार हाथ हैं—दो हाथों में वे खड्ग (तलवार) और लोहे की कांटा लिए हुए हैं, जबकि अन्य दो हाथों में वे आशीर्वाद और वरद मुद्रा में हैं। इनका वाहन गधा है, जो विनम्रता और सादगी का प्रतीक है। मां के बाल बिखरे हुए होते हैं, और उनकी सांस से अग्नि निकलती हुई प्रतीत होती है। 

मां कालरात्रि की पूजा करने से सभी प्रकार के डर, बाधाएं, नकारात्मकता और शत्रुओं का नाश होता है। भक्तों को साहस और आत्मविश्वास प्राप्त होता है,जिससे वे किसी भी कठिन परिस्थिति का सामना कर सकते हैं। इस दिन पूजा करने से विशेषकर तंत्र-मंत्र और बुरी शक्तियों से मुक्ति मिलती है। मां कालरात्रि की पूजा से न केवल भय का नाश होता है, बल्कि भक्तों को दुश्मनों और नकारात्मक ऊर्जा से भी सुरक्षा मिलती है।

बिहार विकास परिषद माँ दुर्गा महोत्सव में सुदर्शन कुमार (आयुक्त- कर्मचारी भविष्य निधि) उपस्थित रहकर पूजा आरती की एवं माँ दुर्गा का आशीर्वाद ग्रहण किया। प्रत्येक दिन प्रातः और सायंकाल को आरती एवं प्रसाद वितरण का कार्य संपन्न होगा। बुधवार 09.10.2024 सप्तमी के दिन सुश्री प्रीति सरगम सिंह, प्रसिद्ध भजन गायिका, जबलपुर म्युजिकल संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने भजन संध्या का लाभ लिया। गुरुवार 10.10.2024 को प्रसिद्ध गायक सुरेश जोशी एवं संजय अग्रवाल भजन संध्या में भजनों की प्रस्तुति देंगे। शुक्रवार 11.10.2024 को भोजपुरी गायिका सुश्री प्रियंका सिंह एवं माटी के लाल अनिल यादव द्वारा भजन, सांस्कृतिक प्रोग्राम का आयोजन किया जा रहा है। सभी भक्तगण माँ दुर्गा के आशीर्वाद के लिए सादर आमंत्रित है।

Tags: Surat