सूरत : उकाई बांध खतरे के निशान के बेहद करीब, प्रशासन अलर्ट

मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण तापी नदी में जलस्तर बढ़ा, बांध से सवा लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया

सूरत : उकाई बांध खतरे के निशान के बेहद करीब, प्रशासन अलर्ट

सूरत । सूरत की जीवन रेखा कहे जाने वाले उकाई बांध ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। बांध का जलस्तर खतरे के निशान से महज एक फीट की दूरी पर पहुंच गया है। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में हुई भारी बारिश के कारण तापी नदी में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन अलर्ट पर है।

शुक्रवार को दोपहर तक बांध में पानी की आवक एक लाख क्यूसेक से अधिक हो गई। पिछले चौबीस घंटों में बांध का जलस्तर एक फीट बढ़कर 344.13 फीट हो गया है। बांध का खतरे का निशान 345 फीट है। इस स्थिति को देखते हुए उकाई बांध से सवा लाख क्यूसेक पानी तापी नदी में छोड़ा जा रहा है।

बांध अधिकारियों का कहना है कि मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में हुई बारिश के कारण तापी नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। गुरुवार को सुबह बांध से 6 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, लेकिन बाद में पानी छोड़ना बंद कर दिया गया था। हालांकि, शुक्रवार दोपहर बाद से ही बांध में पानी की आवक तेजी से बढ़ी।

उकाई बांध के अपस्ट्रीम के 52 रेन गेज स्टेशनों पर पिछले चौबीस घंटों में औसतन आधा इंच बारिश हुई है, जिससे बांध में पानी का प्रवाह तेजी से बढ़ा है। प्रशासन उपरी क्षेत्र में हर घंटे हुई बारिश पर नजर बनाए हुए है। 

Tags: Surat