अपने नए अंदाज से सबको चौंका रहे हैं एमएस धोनी
मुंबई, 17 अप्रैल (वेब वार्ता)। दक्षिण भारतीय सिनेमा में पहले से सक्रिय भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और चेन्नई सुपर किंग्स के लीडर एमएस धोनी ने अपने प्रोडक्शन हाउस के तहत एक फिल्म भी रिलीज कर दी है, लेकिन अब उनका एक नया और रोमांटिक अवतार सामने आया है।
एमएस धोनी अब सिर्फ मैदान पर ही नहीं, बल्कि पर्दे पर भी अपने नए अंदाज से सबको चौंका रहे हैं। करण जौहर ने सोशल मीडिया पर एक क्लिप शेयर की है जिसमें धोनी को लवर बॉय के किरदार में देखा जा सकता है।
इस वीडियो में धोनी का नया रूप देखकर फैंस दंग रह गए। क्लिप की शुरुआत में लिखा आता है, पहली बार, एमएस धोनी रोमांटिक अवतार में, और इसके बाद धोनी कैमरे की ओर देखकर कहते हैं, “तुम जो साथ चलती हो, हर सफर खूबसूरत बनती हो।” इसके बाद वीडियो अचानक खत्म हो जाता है और फैंस के बीच उत्सुकता और भी बढ़ जाती है।
करण जौहर ने इस पोस्ट के साथ कैप्शन दिया, “थ्रिएटिकल ढोल, कृपया! एमएस धोनी को पेश करते हैं.. हमारे नए लवर बॉय!… शुद्ध सिनेमाई जादू!” उन्होंने निर्देशक पुनीत मल्होत्रा का भी शुक्रिया अदा किया। हालांकि, सोशल मीडिया पर इस नए धोनी अवतार को लेकर प्रतिक्रियाएं मिली-जुली रहीं।
कुछ लोगों ने इसे सराहा, वहीं कुछ ने धोनी पर तंज कसते हुए कहा कि अब वो फिल्मों में भी संघर्ष कर रहे युवाओं की जगह ले रहे हैं। एक यूजर ने तो उन्हें ‘धर्मा का नया नेपो बेबी’ तक कह दिया। दरअसल, यह पूरा मामला एक बाइक ब्रांड के विज्ञापन का है, जिसमें एमएस धोनी और करण जौहर ने साथ काम किया है।
इससे पहले धोनी संदीप रेड्डी वांगा के डायरेक्शन में बने ईमोटरैड इलेक्ट्रिक साइकिल के विज्ञापन में भी नजर आए थे, जहां उन्होंने लंबे बालों और गहन डायलॉग के साथ एक इंटेंस लुक पेश किया था।
वहीं क्रिकेट की बात करें तो धोनी ने हाल ही में आईपीएल में 200 शिकार का रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रच दिया। उन्होंने यह उपलब्धि लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में आयुष बदोनी को स्टंप कर के हासिल की।