गुजरात: मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति की पिटाई करने के आरोप में दो गिरफ्तार
घटना का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर देखने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया
सुरेंद्रनगर (गुजरात), 17 मार्च (भाषा) गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के गामभोई गांव में एक मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति को अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में दो लोगों ने बुरी तरह से पीटा। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। घटना का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर देखने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
एक प्रत्यक्षदर्शी द्वारा मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किए गए और सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किए गए वीडियो में, पीड़ित के हाथ पीठ के पीछे बंधे हैं और वह जमीन पर बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। एक पुरुष और एक महिला उसे लकड़ी के डंडों से पीट रहे हैं।
गामभोई पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि गांव में एक मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति ने ऊंची आवाज में बोलना शुरू किया जिससे एक महिला नाराज हो गई। पुलिस के अनुसार, महिला ने उसे चुप रहने को कहा जिस पर वह व्यक्ति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगा जिससे दोनों के बीच बहस हो गई।
अधिकारी ने बताया कि कुछ देर बाद, नजदीकी मंदिर से एक व्यक्ति बाहर आया और पीड़ित के हाथ एक कपड़े से बांध दिए। इसके बाद उसने दो लकड़ी की छड़ियां मंगवाईं जिससे महिला और वह व्यक्ति मिलकर पीड़ित को पीटने लगे। पीड़ित को हाथ और कंधे पर चोटें आईं जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने रमीलाबेन और जयेश मेहता नामक दो आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है जिनमें जानबूझकर चोट पहुंचाने और अवैध रूप से बंधक बनाने से संबंधित धाराएं शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।