देशभर में हर्षोल्लास से मनाया गया होली का त्योहार, जुमे की नमाज भी शांति से की गई अदा
नयी दिल्ली, 14 मार्च (भाषा) देश में शुक्रवार को रंगों का त्योहार होली पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया तथा लोगों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं।
कई बड़े शहरों में सुबह के समय मेट्रो समेत सार्वजनिक परिवहन के साधन बंद रहे। मेट्रो सेवाएं दोपहर के बाद शुरू हुईं।
होली और रमजान के महीने में दूसरा जुमा (शुक्रवार की नमाज) इस बार एक साथ पड़े हैं। किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोकने के लिए देश के अनेक राज्यों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी और पुलिस बल गश्त करते रहे।
दिल्ली में एक अधिकारी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजधानी में 25,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस करीब 300 संवेदनशील इलाकों पर सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से कड़ी निगरानी कर रही है।
होली और जुमे की नमाज एक ही दिन होने के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उत्तर प्रदेश के संभल जिले में रंगों का त्योहार पारंपरिक उत्साह के साथ शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि होली के अवसर पर संभल शहर में पारंपरिक ‘चौपाई का जुलूस’ भी निकाला गया।
पिछले साल 24 नवंबर को शाही जामा मस्जिद के सर्वेक्षण के बाद भड़के दंगों के बाद से संभल में तनाव जैसी स्थिति है।
मस्जिद में अपराह्न दो बजकर 30 मिनट पर जुमे की नमाज अदा की गई। मस्जिद के सदर जफर अली ने पहले दोनों समुदायों के सदस्यों से होली मनाने और सौहार्दपूर्ण माहौल में जुमे की नमाज अदा करने का आग्रह किया था।
संभल के जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया, ‘‘संभल जिले में 1,212 स्थानों पर होलिका दहन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। लोगों ने नाच-गाकर और एक-दूसरे पर गुलाल लगाकर पारंपरिक उत्साह के साथ रंगों का त्योहार मनाया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 60 से अधिक जुलूस निकाले गए।’’
होली और जुमे की नमाज एक ही दिन होने के कारण इस बार पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे, जिसके तहत शुक्रवार को संभल शहर में आरएएफ ने फ्लैग मार्च किया।
संभल को ड्रोन निगरानी के लिए 29 सेक्टर में विभाजित किया गया था और होली तथा जुमे की नमाज को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं और कामना की कि हर्ष एवं उल्लास से भरा यह पावन-पर्व भारतवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं।
विभिन्न दलों के नेताओं ने भी देशवासियों को रंगों के इस त्योहार की मुबाकरवाद दी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुनिया के किसी भी देश, किसी भी जाति, किसी भी धर्म में त्योहारों की इतनी समृद्ध परंपरा नहीं है जितनी सनातन धर्म में है और त्योहारों के माध्यम से भारत आगे बढ़ता है।
गोरखपुर में पारंपरिक नरसिंह शोभायात्रा को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘दुनिया के किसी भी देश, किसी भी जाति, किसी भी धर्म में त्योहारों की इतनी समृद्ध परंपरा नहीं है, जिनकी सनातन धर्म में है। सनातन धर्म में हमारी आस्था है और आस्था ही त्योहारों की आत्मा है। त्योहारों के माध्यम से भारत आगे बढ़ता है।’’
उन्होंने यह भी कहा, ‘‘होली का एक ही संदेश है कि एकता से देश अखंड रहेगा। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना पूरी होगी।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सनातन धर्म का विरोध करने वालों ने प्रयागराज महाकुंभ के माध्यम से सनातन धर्म के साथ-साथ भारत का सामर्थ्य देखा है। 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालु एक घाट पर जुटे और त्रिवेणी के महासंगम में महास्नान का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसमें न तो जाति का भेदभाव है और न ही किसी क्षेत्र का।’’
बाद में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘रंग और उमंग के महापर्व होली के पावन अवसर पर आज गोरखपुर में भगवान नरसिंह जी की भव्य शोभायात्रा में सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। भगवान नरसिंह जी का अवतार धर्म की विजय, न्याय की स्थापना और सज्जनों के कल्याण का प्रतीक है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उनकी कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और आरोग्यता का वास हो, यही प्रार्थना है।’’
एक अन्य पोस्ट में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘होली का है एक संदेश- ‘एकता से ही अखंड रहेगा देश’। रंग, उमंग, उत्साह वाली होली, समता, समरसता, सौहार्द वाली होली, असत्य पर सत्य की विजय की होली, प्रदेश वासियों को रंगोत्सव की पुनश्च शुभकामनाएं।’’
शोभायात्रा से पहले मुख्यमंत्री होली मनाने के लिए साधु-संतों के साथ जमीन पर बैठे नजर आए। उन्होंने शोभायात्रा में लोगों पर फूल भी बरसाए।
बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने कहा, ‘‘देश में रंग व गुलाल का त्योहार, होली की सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें। इसे परम्परागत तौर पर पूरे उमंगों के साथ शान्ति, आपसी भाईचारा व सौहार्द के साथ मनाएं।’’
पश्चिम बंगाल में लोगों ने डोलजात्रा का पर्व मनाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नागरिकों के आपसी बंधन मजबूत होने की प्रार्थना की।
उन्होंने रवींद्रनाथ टैगोर को उद्धृत करते हुए कहा, ‘‘बंगाल में प्रत्येक व्यक्ति का जीवन शांति, सद्भाव और प्रेम के रंगों से सराबोर हो और बंगाल के लोगों के बीच प्रेम का बंधन और भी मजबूत हो-इस पवित्र अवसर पर मेरी यही प्रार्थना है।’’
ममता के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने भी डोलजात्रा के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने भी राज्य की जनता को होली की बधाई दी।
गोवा में स्थानीय लोगों के साथ-साथ देसी और विदेशी पर्यटकों ने भी होली का उत्सव धूमधाम से मनाया। पणजी का आजाद मैदान पूरी तरह भगवा नजर आ रहा था।
असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को राज्य के लोगों को होली और डोल उत्सव की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा, ‘‘रंगों का त्योहार सभी के जीवन को रंगों, खुशियों और समृद्धि से रोशन कर दे। श्री कृष्ण सभी को खूब आशीर्वाद दें। होली की शुभकामनाएं।’’
हरियाणा और पंजाब में भी शुक्रवार को होली का पर्व उत्साह के साथ मनाया गया।
पंजाब के आनंदपुर साहिब में ‘होला मोहल्ला’ उत्सव के लिए सिख श्रद्धालुओं की भी भारी भीड़ रही।
पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं।
तेलंगाना में हैदराबाद तथा अन्य शहरों में युवाओं और बच्चों को होली की मस्ती में धूम मचाते हुए देखा गया।
हैदराबाद में रहने वाले उत्तर भारतीय समुदाय के लोगों ने बृहस्पतिवार को परंपरागत तरीके से होलिका दहन किया। राजस्थान के मूल निवासियों ने गैर नृत्य किया।
पुलिस ने हैदराबाद में एक साथ अनेक वाहनों के चलने और बिना इच्छा के लोगों पर रंग डालने पर कुछ पाबंदियां लगा रखी थीं, जिस पर भाजपा विधायक राजा सिंह ने कड़ा विरोध जताया।
आंध्र प्रदेश में राज्यपाल एस अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू तथा पूर्व मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने होली की शुभकामनाएं दीं।
इस बीच, जम्मू कश्मीर में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा कि कुछ ‘धर्मांध’ लोगों ने अल्पसंख्यकों के लिए होली को ‘डरावना’ बना दिया है और इसमें ‘सत्ता में बैठे लोगों की सहमति’ है।
होली के मौके पर लोकप्रिय कॉमिक पुस्तिका ‘द वर्ल्ड ऑफ बेटी एंड वेरोनिका डाइजेस्ट #38’ का विमोचन हुआ, जिसमें मशहूर पात्र आर्ची और उसके दोस्त होली के बारे में जानते हैं।
आर्ची कॉमिक पब्लिकेशन्स की सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी नैन्सी सिल्बरक्लीट ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि बृहस्पतिवार को जारी उनकी 10 पन्नों की नई कहानी में होली भी शामिल है।
उन्होंने कहा, ‘‘इसके पीछे भारत की सुंदरता की सोच है, जो मैंने यहां देखी है।’’