खेलो इंडिया पैरा गेम्स 20 मार्च से शुरु होंगे
नई दिल्ली, 11 मार्च (वेब वार्ता)। खेलो इंडिया पैरा खेल 20 से 27 मार्च तक नई दिल्ली में आयोजित किये जाएंगे। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा है कि खेलो इंडिया पैरा गेम्स के इस दूसरे सत्र में इसमें करीब 1,230 पैरा एथलीट छह प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
इन खेलों में पेरिस पैरालिंपिक और हांग्जो एशियाई पैरा खेल 2022 के विजेता खिलाड़ी भी शामिल रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 21 से 26 मार्च तक पैरा एथलेटिक्स, पैरा तीरंदाजी और पैरा पावरलिफ्टिंग जैसी खेल प्रतियोगिताएं होंगी।
इंदिरा गांधी स्टेडियम परिसर में पैरा बैडमिंटन और पैरा टेबल टेनिस स्पर्धाओं को भी रखा जाएगा। वहीं निशाने बाजी के मुकाबले डॉ. कर्णी सिंह निशानेबाजी रेंज में 21 से 25 मार्च तक होंगे।
खेलो इंडिया से उभरते हुए खिलाड़ियों को अपने खेल और प्रतिस्पर्धी कौशल को संवारने का अवसर मिलेगा। खेलो इंडिया पैरा गेम्स का पहला संस्करण दिसंबर 2023 में दिल्ली में आयोजित किया गया था। तब हरियाणा पहले जबकि उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे थे।