महाराष्ट्र : ठाणे में 'सह जीवन' साथी से झगड़े के बाद महिला ने की आत्महत्या
ठाणे, 18 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सह जीवन साथी (लिव-इन पार्टनर) से विवाद के बाद 22 वर्षीय एक महिला ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मानसी नागधाने नामक महिला सोमवार अपराह्न को ठाकुर्ली इलाके में अपने घर की छत से लटकी हुई पाई गई।
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा इस सिलसिले में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार महिला का अपने सह जीवन साथी से झगड़ा हुआ था और गुस्से में आकर उसने अपने बाल काट लिए थे, जिसके बाद पुरुष महिला को छोड़कर चला गया।
उन्होंने बताया कि जब वह कुछ देर बाद घर लौटा तो उसने दरवाजा अंदर से बंद पाया और जब उसने झांककर देखा तो महिला छत से लटकी हुई थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।