भारत टेक्स-2025 : भारतीय उत्पादकों के लिए वैश्विक मंच

सूरत के 136 समेत राज्य से 233 स्टॉल होंगे शामिल

भारत टेक्स-2025 : भारतीय उत्पादकों के लिए वैश्विक मंच

सूरत। खेती के बाद भारत में सबसे ज्यादा रोजगार टेक्सटाइल सेक्टर से मिलता है। इस उद्योग के प्रगति को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से भारत टेक्स का आयोजन नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया जा रहा है। 14 से 17 फरवरी के बीच आयोजित होने वाले भारत टेक्स-2025 में 2.20 लाख वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में प्रदर्शनी लगेगी जिसमें सूरत के 136 समेत गुजरात के 233 स्टॉल भी शामिल होंगे। इस आयोजन के बाद सूरत के टेक्सटाइल उद्योग को बड़े व्यापारिक अवसर मिलने की संभावना जताई जा रही है।

भारत टेक्स-2025 में टेक्सटाइल इंडस्ट्री की पूरी वैल्यू चेन होगी शामिल

इस मेगा इवेंट में फाइबर, यार्न, कपड़ा, गारमेंट, होम टेक्सटाइल और तकनीकी टेक्सटाइल जैसी टेक्सटाइल वैल्यू चेन की पूरी रेंज को कवर किया जाएगा। भारत टेक्स-2025 में देशभर से करीब 1.20 लाख खरीदार भाग लेने वाले हैं। इसके अलावा यूएसए, यूरोपीय संघ, रूस, अफ्रीका और दक्षिण-पूर्व एशिया जैसे प्रमुख वैश्विक कपड़ा बाजारों से भी प्रतिनिधि मंडल और अंतरराष्ट्रीय खरीदार भी इस इवेंट में शामिल होंगे। इस आयोजन में 5000 से अधिक विदेशी खरीदारों के आने की संभावना है।