दिल्ली चुनाव नतीजों पर नड्डा ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली के दिल में बसते हैं
नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत को ‘‘ऐतिहासिक क्षण’’ करार दिया और कहा कि इससे स्पष्ट संदेश गया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली के दिल में बसते हैं।
पार्टी की जीत के उपलक्ष्य में भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में नड्डा ने आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधते हुए उसे ‘‘झूठ और भ्रष्टाचार की फैक्टरी’’ करार दिया।
नड्डा ने आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल और पार्टी के अन्य नेताओं का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने ईमानदारी की कसम खाई थी, लेकिन भ्रष्टाचार के आरोप में उन्हें जेल जाना पड़ा।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा ‘‘यह एक ऐतिहासिक क्षण है।’’ उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों के बाद दिल्ली चुनावों में भाजपा की जीत ‘‘एक स्पष्ट संदेश है कि प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली के दिल में बसते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आप झूठ की फैक्टरी, झूठ का इनसाइक्लोपीडिया और भ्रष्टाचार की फैक्टरी है।’’
नड्डा ने दिल्ली के लोगों को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा को आशीर्वाद देने के लिए धन्यवाद दिया।