दिल्ली चुनाव : त्रिस्तरीय सुरक्षा वाले 70 स्ट्रांग रूम में रखे गए हैं ईवीएम

दिल्ली चुनाव : त्रिस्तरीय सुरक्षा वाले 70 स्ट्रांग रूम में रखे गए हैं ईवीएम

नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस्तेमाल की गई ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के साथ 70 ‘स्ट्रांग रूम’ में रखा गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली में पांच फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हुआ और नतीजे आठ फरवरी को घोषित किये जायेंगे।

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) आर. एलिस वाज की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए बनाए गए इन स्ट्रांग रूम की भारत निर्वाचन आयोग के प्रोटोकॉल के तहत कड़े सुरक्षा उपायों के साथ सुरक्षा की जा रही है।’’

बयान में कहा गया है कि त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के साथ इन स्ट्रांग रूम की सबसे भीतरी परिधि पर केंद्रीय सशस्त्र अर्धसैनिक बल (सीएपीएफ) द्वारा कड़ी सुरक्षा की जा रही है, जबकि बाहरी परिधि पर राज्य सशस्त्र पुलिस तैनात है।

दिल्ली के सीईओ ने कहा, ‘‘चौबीसों घंटे सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था है, जिसमें सभी सीलबंद दरवाजे और गलियारे शामिल हैं तथा डबल-लॉक प्रणाली अतिरिक्त सुरक्षा सुनिश्चित करती है।’’

उन्होंने कहा कि अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए स्ट्रांग रूम तक केवल एक ही प्रवेश/निकास बिंदु से पहुंचा जा सकता है।

वाज ने इस बात पर जोर दिया कि सुरक्षा उपाय न केवल मजबूत हैं, बल्कि पारदर्शी भी हैं। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के एजेंट को स्ट्रांग रूम के स्थानों पर मॉनिटर पर प्रदर्शित सीसीटीवी फीड के माध्यम से चौबीसों घंटे सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने की अनुमति है।

वाज ने कहा, ‘‘हम सुरक्षा और पारदर्शिता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

उन्होंने कहा कि कड़े प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं, जिनमें स्ट्रांग रूम के खुलने और बंद होने की वीडियोग्राफी भी शामिल है।