अभिषेक शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के लिए जड़ा दूसरा सबसे तेज शतक

अभिषेक शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के लिए जड़ा दूसरा सबसे तेज शतक

मुंबई, दो फरवरी (भाषा) भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की श्रृंखला के आखिरी मुकाबले में रविवार को यहां 37 गेंद में अपना शतक पूरा किया। यह खेल के सबसे छोटे अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में भारत के लिए दूसरा सबसे तेज शतक है। उन्होंने 54 गेंद की पारी में 135 रन बनाये।

अभिषेक ने 11वें ओवर में ब्रायडन कार्स के खिलाफ एक रन चुराकर अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा शतक पूरा किया। 

भारत के लिए इस प्रारूप में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ इंदौर में 2017 में 35 गेंद में शतक पूरा किया था। उन्होंने इस मैच में 43 गेंद में 118 रन की पारी खेली थी। भारत ने इस मैच को 88 रन से जीता था।

उन्होंने इससे पहले 17 गेंद में अर्धशतक पूरा किया था, जो किसी भारतीय के लिए दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है।  

अभिषेक दो गेंद से रोहित शर्मा की बराबरी करने से चूक गये लेकिन वह भारत के लिए इस प्रारूप में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने के साथ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गये। अभिषेक 17वें ओवर में कार्स के खिलाफ पारी का अपना 11वां छक्का लगाकर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने अपनी पारी में 13 छक्के लगाये।

टी20 अंतरराष्ट्रीय में इससे पहले सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड शुभमन गिल के नाम था। उन्होंने 2023 में अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 126 रन बनाये थे।

टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड एस्टोनिया के साहिल चौहान के नाम है जिन्होंने साइप्रस के खिलाफ पिछले साल सिर्फ 27 गेंद में सैकड़ा पूरा किया था।

टेस्ट खेलने वालों टीमों के बीच मुकाबले में सबसे तेज टी20 शतक का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से रोहित और दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर के नाम है।

मिलर ने भी बांग्लादेश के खिलाफ 2017 में 35 गेंद में शतक पूरा किया था।

 

Tags: Cricket