हल्के गुलाबी रंग में बदला बदला नजर आया राजस्थान विधानसभा सदन

हल्के गुलाबी रंग में बदला बदला नजर आया राजस्थान विधानसभा सदन

जयपुर, 31 जनवरी (भाषा) राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र शुक्रवार को शुरू हुआ और हल्के गुलाबी रंग की आभा लिए हुए सदन बदले हुए कलेवर में नजर आया।

दरअसल कई साल के बाद सदन के भीतर की साज सज्जा में बदलाव किया गया है। इसके तहत विधायकों की सीटों का रंग बदलकर हल्के गुलाबी रंग वाला किया गया है। इसी तरह पर्दे व कालीन भी बदल द‍िए गए हैं। अब हल्‍के गुलाबी रंग वाले पर्दे लगाए गए हैं। फ्लोरिंग भी इसी रंग का है। इससे सदन का पूरा कलेवर एक तरह से बदल गया है।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के अनुसार गुलाबी शहर की छटा को ध्यान में रखते हुए सदन के कलेवर में यह बदलाव किया गया है।

इससे पहले सदन में बिछे कालीन या कपड़े का रंग हरा था। विधायकों साथ ही अन्य अधिकारियों के बैठने की सीटों का रंग भी हरा था।

इसके साथ ही सदन में पहली बार विधायकों की सीट पर आईपैड लगाए गए हैं।

भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय के नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) के तहत विधान सभा को डिजिटाइज करने की परियोजना के तहत यह काम किया गया है।

शुक्रवार को कार्यवाही के दौरान अनेक विधायक इन टेबलेट को चलाकर देखते भी नजर आए।

राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र शुक्रवार को राज्यपाल राज्यपाल हरिभाऊ बागडे के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। राज्य की 16वीं विधानसभा का यह तीसरा सत्र है। राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर तीन, पांच और छह फरवरी को चर्चा होगी।

सरकार की ओर से इसका जवाब सात फरवरी को दिया जाएगा। वहीं आठ से 18 फरवरी तक सदन में अवकाश रहेगा और 19 फरवरी को बजट पेश किया जाएगा।