कोलंबो : श्रीलंका पहुंचने वाले पर्यटकों में सबसे ज्यादा भारतीय

अक्टूबर की पहली छमाही में श्रीलंका ने दुनियाभर के 63,491 पर्यटकों का स्वागत किया

कोलंबो : श्रीलंका पहुंचने वाले पर्यटकों में सबसे ज्यादा भारतीय

कोलंबो, 17 अक्टूबर (हि.स.)। श्रीलंका पहुंचने वाले पर्यटकों में सबसे ज्यादा भारतीय होते हैं। श्रीलंका पर्यटन विकास प्राधिकरण के आंकड़ों से यह स्पष्ट होता है। अक्टूबर की पहली छमाही में श्रीलंका ने दुनियाभर के 63,491 पर्यटकों का स्वागत किया।

श्रीलंका के अखबार डेली मिरर के अनुसार, पर्यटन विकास प्राधिकरण की विज्ञप्ति में कहा गया है कि सात अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक औसतन प्रतिदिन 4169.4 पर्यटक श्रीलंका पहुंचे। अक्टूबर महीने की पहली छमाही में भारत से सबसे ज्यादा 18,078 पर्यटक श्रीलंका पहुंचे। चीन से 4,504 और ब्रिटेन से 4,495 पर्यटक पहुंचे। जर्मनी, रूस और ऑस्ट्रेलिया क्रमशः चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहे। इस साल अब तक 1,548,299 पर्यटक श्रीलंका पहुंचे। भारत 304,634 पर्यटकों के आगमन के साथ शीर्ष स्थान पर रहा। ब्रिटेन 140,959 आगमन के साथ दूसरे और रूस 130,701 के आगमन के साथ तीसरे पायदान पर रहा।