सूरत  :  बिहार विकास परिषद् सूरत द्वारा मां दुर्गा पूजा महोत्सव

सूरत  :  बिहार विकास परिषद् सूरत द्वारा मां दुर्गा पूजा महोत्सव

पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती दर्शना जरदोष, सूरत पश्चिम के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पूर्णश मोदी संध्या आरती में शामिल होकर लिया मां का आशीर्वाद

बिहार विकास परिषद् सूरत द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मां दुर्गा पूजा महोत्सव दिनांक 03.10.2024 से 12.10.2024 तक सिंधी समाज वाडी, विजय गारमेंट के पीछे रामनगर, रांदेर रोड सूरत पर आयोजित किया है। गुरुवार को मां स्कंदमाता की पूजा का दिन रहा। स्कंदमाता, मां दुर्गा का पाँचवाँ रूप हैं और उन्हें भगवान कार्तिकेय (स्कंद) की माता के रूप में पूजा जाता है। स्कंदमाता को गोद में भगवान स्कंद (कार्तिकेय) को लिए हुए दिखाया जाता है। इनका वाहन सिंह है और ये कमल के आसन पर विराजमान रहती हैं, इसलिए इन्हें पद्मासना भी कहा जाता है। इन्हें ज्ञान, मोक्ष, प्रेम और सौम्यता की देवी माना जाता है। 

पंचमी के दिन स्कंदमाता की पूजा करने से भक्तों को उनकी सभी मनोकामनाओं की पूर्ति होती है और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है। ऐसा माना जाता है कि उनकी पूजा से संतान सुख और परिवारिक शांति की प्राप्ति होती है। भक्त इस दिन व्रत रखते हैं और स्कंदमाता की पूजा विधि-विधान से करते हैं। आज के दिन मां स्कंदमाता की पूजा करने से विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है, विशेषकर संतान की प्राप्ति और परिवार की खुशहाली के लिए। 

बिहार विकास परिषद के माँ दुर्गा पूजा महोत्सव में सूरत की पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती दर्शना जरदोष, सूरत पश्चिम के लोकप्रिय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पूर्णश मोदी, उत्तर भारतीय के समाज से गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहकर पूजा आरती की एवं माँ दुर्गा का आशीर्वाद ग्रहण किया। पूजा स्थल पर प्रत्येक दिन प्रातः और सायंकाल आरती एवं प्रसाद वितरण किया जाता है। 

महोत्सव के दौरान दिनांक 08.10.2024 को महिला समिति द्वारा बच्चों के लिए एक प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जबकि 09.10.2024 सप्तमी के दिन सुश्री प्रीति सरगम सिंह, प्रसिद्ध भजन गायिका (जबलपुर) म्युजिकल संध्या का आयोजन होगा। इसके अलावा 10.10.2024 को प्रसिद्ध गायक सुरेश जोशी एवं संजय अग्रवाल द्वारा भजन संध्या कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे और 11.10.2024 को भोजपुरी गायिका सुश्री प्रियंका सिंह एवं माटी के लाल अनिल यादव द्वारा भजन, सांस्कृतिक प्रोग्राम का आयोजन होगा। सभी भक्त गण माँ दुर्गा के आशीर्वाद के लिए सादर आमंत्रित है।

Tags: Surat