राजकोट: सोमनाथ में शुरू हुआ अतिक्रमण हटाओ महाअभियान, 70 से अधिक लोगों को लिया हिरासत में

गिर सोमनाथ जिले का इसे अब तक का सबसे बड़ा अभियान माना जा रहा है

राजकोट: सोमनाथ में शुरू हुआ अतिक्रमण हटाओ महाअभियान, 70 से अधिक लोगों को लिया हिरासत में

राजकोट, 28 सितंबर (हि.स.)। गिर सोमनाथ के वेरावल में स्थित प्रथम ज्योर्तिलिंग के समीप शनिवार सुबह प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। धार्मिक स्थल के समीप कई मस्जिद और मजार समेत अन्य कई कच्चे-पक्के घरों को हटाया गया है।

गिर सोमनाथ जिले का इसे अब तक का सबसे बड़ा अभियान माना जा रहा है। इस दौरान शांति-व्यवस्था भंग न हो, इसके लिए पुलिस ने चाक-चौबंद व्यवस्था की है। वेरावल-प्रभास पाटण में निषेधाज्ञा लागू की गई है। पुलिस के कई बड़े अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।

शनिवार तड़के से प्रशासन ने सोमनाथ मंदिर के आसपास के क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया। हालांकि शुक्रवार रात से इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। शुक्रवार देर रात एक समुदाय के बड़ी संख्या के लोग इकट्‌ठा हो गए। इन सभी को प्रशासन ने समझा-बुझा कर वहां से हटाया। इसके बाद सुबह 5 बजे से डिमोलिशन का काम शुरू हुआ।

कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन ने वेरावल और प्रभास पाटन के आसपास निषेधाज्ञा लागू कर दी।प्रशासन ने हाजी मंगरोलिशा पीर, हजरत माइपुरी, सिपेसलार, मस्तानशा बापू, जाफर मुजाफर और इदगाह पर बुलडोजर चलाया।

इस कार्रवाई में 30 जेसीबी, 5 हिटाची, 5 ट्रैक्टर, 10 डम्पर समेत बड़ी संख्या में दूसरे वाहनों का उपयोग किया जा रहा है। शांति भंग की आशंका को लेकर 70 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। जानकारी के अनुसार अतिक्रमण हटाओ अभियान रविवार को भी जारी रहेगा।

इस दौरा कलक्टर दिग्विजयसिंह जाडेजा, रेंज आईजी निलेश झांझडिया, पुलिस अधीक्षक मनोहरसिंह जाडेजा के अलावा 3 एसपी, 6 डीवाईएसपी, 50 पीआई और पीएसआई समेत गिर सोमाथ, जूनाढ़ और पोरबंदर जिले के 1200 से अधिक पुलिस जवान, दो विशेष सुरक्षा दल (एसआरपी) की कंपनी को बंदोबस्त में लगाया गया है।