पालनपुर : चार धाम की यात्रा पर निकले बनासकांठा के 40 श्रद्धालु ब्रदीनाथ-यमुनोत्री मार्ग पर फंसे

भूस्खलन के कारण सड़क बंद, प्रशासन कर रहा सहायता

पालनपुर : चार धाम की यात्रा पर निकले बनासकांठा के 40 श्रद्धालु ब्रदीनाथ-यमुनोत्री मार्ग पर फंसे

पालनपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखण्ड में चार धाम की यात्रा पर गए पालनपुर के 40 श्रद्धालु ब्रदीनाथ-यमुनोत्री सड़क पर फंस गए हैं। उत्तराखंड में बारिश के कारण भूस्खलन से सड़क यातायात बंद कर दिया गया है।

चमोली में ब्रदीनाथ हाइवे के वैकल्पिक मार्ग नंदप्रयाग से कोट कोठियालसेन मार्ग को भूस्खलन के कारण बंद कर दिया गया है। इसी तरह यमुनोत्री, ब्रदीनाथ हाइवे भी बंद किया गया है। इन सड़कों पर भूस्खलन के कारण पत्थर रास्ते पर गिरे हैं। प्रशासन इन्हें हटाने में जुटा है।

बताया गया है कि थराली चेपडो के समीप थराली देवाल सड़क मार्ग पर भूस्खलन के कारण चीड़ के दो बड़े पेड़ धराशायी हो गए। इससे 12 घंटे से रास्ता बंद है। जेसीबी की मदद से इन्हें हटाने का प्रयास किया जा रहा है। कर्णप्रयाग के समीप चटवापीपल में बद्रीनाथ हाइवे बंद है, यहां भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु फंसे हैं। यमुनोत्री हाइवे पर चट्टानों के गिरने से हाइवे बंद है। यमुनोत्री हाइवे पर राडी के समीप सड़क बंद होने से यमुना घाटी का जिला मुख्यालय से सम्पर्क टूट गया है।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह भारी बारिश के कारण बद्रीनाथ नेशनल हाइवे पर कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। इसमें लामबगड, नंदप्रयाग, सोनाल और बैराज कुंज में सड़क बंद है। भूस्खलन के कारण साकोट और नंदप्रयाग के बीच भी वैकल्पिक मार्ग भी बंद है। चमोली जिला पुलिस ने बताया कि जिले में भारी बारिश के कारण बद्रीनाथ नेशनल हाइवे पर जगह-जगह भूस्खलन देखने को मिला है। इससे कई बार रास्ते बंद किए गए हैं। सुरक्षा के तौर पर चमोली पुलिस श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के प्रयास में जुटी है।

Tags: Gujarat