सूरत : शहर को साइबर सुरक्षित बनाने की दिशा में एक और कदम

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल एवं गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी की उपस्थिति में "साइबर संजीवनी 3.0" अभियान का शुभारंभ

सूरत : शहर को साइबर सुरक्षित बनाने की दिशा में एक और कदम

सूरत: सूरत शहर को साइबर अपराधों से मुक्त बनाने और नागरिकों को जागरूक करने के लिए एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल एवं गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी की उपस्थिति में "साइबर संजीवनी 3.0" अभियान का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम सूरत सिटी पुलिस और साइबर सुरक्षा सेतु के संयुक्त प्रयासों से अडाजण के संजीव कुमार ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे और इससे निपटने के लिए तकनीक का उपयोग करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से फैलाई जाने वाली झूठी खबरें और धोखेबाजी लोगों के जीवन को बर्बाद कर सकती हैं। ऐसे में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना बेहद जरूरी है।

गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने कहा, "साइबर अपराध से लड़ना केवल पुलिस का काम नहीं है, बल्कि हम सभी की जिम्मेदारी है। हमें अपने सोशल मीडिया खातों को सुरक्षित रखने और अज्ञात लोगों के अनुरोधों को स्वीकार नहीं करने की आदत डालनी चाहिए।"

सूरत पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने बताया कि सूरत पुलिस साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे साइबर धोखाधड़ी के शिकार होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

Tags: Surat