गांधीनगर महानगर पालिका कांग्रेस मुक्त, दो पार्षदों ने दिया इस्तीफा

विपक्ष के नाम पर आम आदमी पार्टी से है महज 1 पार्षदों

गांधीनगर महानगर पालिका कांग्रेस मुक्त, दो पार्षदों ने दिया इस्तीफा

गांधीनगर, 28 मार्च (हि.स.)। गांधीनगर महानगर पालिका में कांग्रेस के दो पार्षदों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इस तरह महानगर पालिका (मनपा) में कांग्रेस के सदस्यों की संख्या शून्य हो गई है। दोनों पार्षदों ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल को अपना इस्तीफा भेजा है।

गांधीनगर महानगर पालिका में कांग्रेस के पार्षदों और विपक्ष के नेता अंकित अश्विन कुमार बारोट और पार्षदों गजेन्द्रसिंह कनुभा वाघेला ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता समेत पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से खुद को मुक्त कर लिया है।

5 अक्टूबर, 2021 को गांधीनगर महानगर पालिका का परिणाम आया था, तब 44 सदस्यीय महानगर पालिका में भाजपा को 41, कांग्रेस के 2 और आम आदमी पार्टी (आप) के एक पार्षदों विजयी हुए थे। कांग्रेस के दोनो पार्षदों के इस्तीफे के बाद मनपा में कांग्रेस के सदस्यों की संख्या शून्य हो गई है, जिससे महानगर पालिका पूरी तरह से कांग्रेस मुक्त हो गई है।

अब विपक्ष के नाम पर गांधीनगर मनपा में सिर्फ एक पार्षद आप का ही बचा है। यदि किसी संयोग में वह भी इस्तीफा देते हैं तो गांधीनगर मनपा शायद देश की पहली मनपा होगी, जहां विपक्ष अस्तित्व विहीन हो जाएगा। जानकारी के अनुसार कांग्रेस के ये दोनों पार्षद कुछ दिन पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल से मिले थे, इस वजह से पूरी संभावना है कि दोनों आगामी दिनों में भाजपा में शामिल हो जाएंगे।