राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की जितनी चर्चा है उतनी ही उनकी पहनी टी-शर्ट की; पता है इन यात्रियों के कपड़े धोने की क्या व्यवस्था है!?
यात्रा अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रही, पंजाब से होती हुई श्रीनगर पहुंचेगी
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा अब अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है। जहां इस यात्रा के राजनीतिक प्रभाव की लोगों में चर्चा है, वहीं इस यात्रा का एक और मुद्दा जो बहस का विषय बना हुआ है, वो है राहुल गांधी का टी-शर्ट पहन कर चलना। जी हां, इस भीषण ठंड में भी राहुल गांधी गर्म कपड़े पहनने से परहेज कर रहे हैं।
दिल्ली की हाड़ कंपा देने वाली ठंड में भी राहुल गांधी टी-शर्ट में ही नजर आए। लेकिन क्या आप जानते हैं कि राहुल गांधी सफेद टी-शर्ट सहित जो कपड़े पहनते हैं, उन्हें धोने के लिए उनके साथ एक पूरी टीम चलती है? जी हां, एक रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी की टी-शर्ट और कपड़े धोने के लिए मुंबई से एक टीम भारत जोड़ो यात्रा कारवां में मार्च कर रही है। वैसे इसमें आश्चर्यजनक कुछ भी नहीं क्योंकि जब हजारों लोग इस कारवां में शामिल हैं तो यात्रियों की नित्य जरूरतों की व्यवस्था होना स्वाभाविक ही है। लेकिन लोगों को यात्रा से जुड़ी छोटी से छोटी चीजों को जानने में रूचि है।
दावा किया गया है कि राहुल गांधी सहित कांग्रेस के दिग्गज जो भारत जोड़ो यात्रा में चल रहे हैं उनके कपड़े धोने के लिये विशेष रुप से चार सदस्यों की एक टीम अलग गाड़ी में चलती है। जिस गाड़ी में ये सारा काम होता है उसके लिए दूसरी गाड़ी में अलग से जेनरेटर की व्यवस्था की गई है।
राहुल गांधी के अलावा हर दिन कांग्रेस नेताओं के करीब 200 कपड़े ये टीम धोती है, जिसके लिये वह वाशिंग मशीन का उपयोग करते हैं। इस टीम के सदस्य उन्हीं टैंटों में रहते हैं जहां राहुल गांधी और यात्रा में शामिल बाकी यात्री रहते हैं।
गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा दक्षिण भारतीय राज्यों तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और यूपी के बाद श्रीनगर पहुंचेगी। इस समय यात्रा पंजाब में है।