देश की आर्थिक दुर्दशा छिपाने के लिए सोनिया के शब्दों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया : कांग्रेस
नयी दिल्ली, 31 जनवरी (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर सोनिया गांधी की टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हमले के बाद कांग्रेस ने पलटवार करते हुए शुक्रवार को कहा कि देश की अर्थव्यवस्था की दुर्दशा को छिपाने के लिए पार्टी की पूर्व अध्यक्ष के शब्दों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया।
मुख्य विपक्षी दल ने यह भी कहा कि सोनिया गांधी राष्ट्रपति का पूरा सम्मान करती हैं।
कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद कहा कि वह अपने संबोधन के आखिर तक थक गई थीं और बहुत मुश्किल से बोल पा रही थीं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस टिप्पणी के लिए सोनिया गांधी की आलोचना की और कहा कि यह देश के जनजातीय समुदाय का अपमान है।
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोनिया गांधी की टिप्प्णी की निंदा की और मांग की कि वह राष्ट्रपति और भारत के आदिवासी समुदायों से बिना शर्त माफी मांगें।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर पलटवार करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘महामहिम राष्ट्रपति जी का अपमान तो मोदी सरकार ने उसी दिन कर दिया था, जब नई संसद के उद्घाटन समारोह में उन्हें नहीं बुलाया था। कांग्रेस एवं हमारे नेता कभी भी महामहिम राष्ट्रपति या किसी भी नागरिक का अपमान नहीं कर सकते हैं। यह हमारी संस्कृति नहीं है।’’
उन्होंने दावा किया कि लोकतंत्र के मंदिर और राम मंदिर, दोनों से जुड़े समारोहों से राष्ट्रपति एवं पूर्व राष्ट्रपति (रामनाथ कोविंद) जी को भाजपा ने जान बूझकर दूर रखा था।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘आज आर्थिक समीक्षा ने मोदी सरकार को "सच्चाई का आईना" दिखाया है, अर्थव्यवस्था की दुर्दशा को छिपाने के लिए, भाजपा नेता और मीडिया का एक हिस्सा, सोनिया गांधी जी के वाक्यों को तोड़-मरोड़ रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महामहिम राष्टपति के पद की मर्यादा का आदर किया है।’’
कांग्रेस महासचिव एवं केरल की वायनाड सीट से सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि सोनिया गांधी की टिप्पणी को लेकर माफी की मांग करने वाली भाजपा को पहले ‘देश को डुबोने’ के लिए माफी मांगनी चाहिए।
प्रियंका गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मेरी मां 78 साल की एक बुजुर्ग महिला हैं। उन्होंने सिर्फ यह कहा कि राष्ट्रपति इतना लंबा भाषण पढ़कर थक गई होंगी। वह महिलाओं का बहुत सम्मान करती हैं। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि मीडिया ने इसे तोड़-मरोड़कर पेश किया।
सोनिया की टिप्पणी पर भाजपा की ओर से माफी की मांग किये जाने के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘उन्होंने (भाजपा) देश को डुबोया है, पहले उसके लिए माफी मांगें।’’
लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी के स्वास्थ्य के प्रति सोनिया गांधी जी की सहानुभूति भाजपा के लोगों को पच नहीं रही है। भारत के प्रत्येक व्यक्ति के मन में राष्ट्रपति के प्रति सम्मान और सहानुभूति है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘क्या भाजपा राष्ट्रपति मुर्मू के प्रति उस अनादर का जवाब देगी, जब उन्हें संसद भवन या अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन में आमंत्रित नहीं किया गया? मैं उन्हें इस प्रश्न का उत्तर देने की चुनौती देता हूं।’’