आंध्र प्रदेश में पुलिस उप निरीक्षक ने गोली मारकर की आत्महत्या
पश्चिम गोदावरी (आंध्र प्रदेश), 31 जनवरी (भाषा) आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले में एक पुलिस उप निरीक्षक ने शुक्रवार सुबह अपनी सरकारी रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पश्चिम गोदावरी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अदनान नईम अस्मी ने बताया कि एजीएस मूर्ति ने सुबह करीब 7:45 बजे तनुकु ग्रामीण पुलिस थाने में आत्महत्या की।
अस्मी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “आज सुबह एजीएस मूर्ति ने पुलिस थाने के अंदर आत्महत्या कर ली। मामले की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर कारणों का पता लगाया जाएगा।”
एसपी के अनुसार, मूर्ति पर भ्रष्टाचार के आरोप थे और उनके खिलाफ जांच लंबित थे, जिसके चलते उन्हें तैनाती की प्रतीक्षा सूची (वीआर) में रखा गया था।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस आत्महत्या के इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर रही है और जांच जारी है।