गांधीनगर : राज्य में दीपावली व नूतन वर्ष के बीच पड़ने वाले वर्किंग-डे एक नवंबर को भी छुट्टी की घोषणा

इससे कर्मचारी दीपावली से लेकर भाई दूज तक चार दिन की छुट्टी मना सकेंगे

गांधीनगर : राज्य में दीपावली व नूतन वर्ष के बीच पड़ने वाले वर्किंग-डे एक नवंबर को भी छुट्टी की घोषणा

गांधीनगर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। राज्य सरकार ने दीपावली और नूतन वर्ष के बीच पड़ने वाले वर्किंग-डे को भी छुट्टी में बदल दिया है। इससे कर्मचारी दीपावली से लेकर भाई दूज तक चार दिन की छुट्टी मना सकेंगे।

गुजरात सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव (प्रोटोकॉल) संकेतसिंह वाघेला की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार एक नवंबर को सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। इसके बदले 9 नवंबर को दूसरे शनिवार को पूरे दिन कार्यालय खुला रहेगा।

दरअसल इस बार गुरुवार, 31 अक्टूबर को दीपावली है। इसके बाद शनिवार, 02 नवंबर को नूतन वर्ष की सरकारी छुट्टी है। तीन नवंबर, रविवार को भाई दूज की छुट्टी रहेगी। इनके बीच एक नवंबर को सरकारी कार्यालय खुला था। दीपावली पर्व पर सरकारी कर्मचारी गुरुवार से रविवार तक की छुट्टी मना सकें, इसके लिए सरकार ने बीच के 01 नवंबर को भी छुट्टी की घोषणा की।

इससे सरकारी कार्यालय 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक बंद रहेंगे। हालांकि इसके बदले कर्मचारियों को महीने के दूसरे शनिवार को छुट्टी नहीं मिलेगी, जिससे उन्हें 9 नवंबर को काम करना होगा। यह घोषणा सरकार के सभी कार्यालयों, पंचायत और राज्य सरकार के बोर्ड, निगम आदि पर लागू होगा।

Tags: Gujarat