सूरत में गणपति पंडाल पर पथराव के बाद 27 लोग हिरासत में

रविवार रात आरती में विघ्न के बाद सोमवार तड़के 2 बजे गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी, महापौर , पुलिस आयुक्त की मौजूदगी में आरती की गई

सूरत में गणपति पंडाल पर पथराव के बाद 27 लोग हिरासत में

सूरत, 9 सितंबर (हि.स.)। सूरत के सैयदपुरा वरियावी बाजार में एक गणपति पंडाल पर रविवार देर रात पथराव किया गया। वरियावी चा राजा के रूप में प्रख्यात गणपति प्रतिमा पर युवकों ने पथराव किया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

आयोजकों ने सभी पत्थरबाजों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। इसके बाद सभी आरोपितों को सैयदपुरा चौकी ले जाया गया। बाद में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और सैयदपुरा चौकी का घेराव किया गया। पुलिस ने लाठी चार्ज कर और 10 से अधिक अश्रुगैस के गोले छोड़कर भीड़ का खदेड़ दिया। पथराव की घटना में डीसीपी विजय गुर्जर समेत 10 से अधिक पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है। पुलिस पर आसपास के घरों से भी पथराव किए गए।

मामले में गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि पथराव की घटना में अभी तक 27 लोगों को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल घटनास्थल पर शांतिपूर्ण स्थिति है। पुलिस का सख्त पहरा बिठा दिया गया है। घटनास्थल पर वज्र वाहन भी तैनात किया गया है। सोमवार सुबह शांतिपूर्ण माहौल में श्रीजी की आरती की गई।

गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि शहर पुलिस लगातार कॉम्बिंग कर रही है। गुजरात की शांति को भंग करने की किसी को इजाजत नहीं है। संघवी ने कहा कि कई लोगों ने घरों में ताला मार दिए थे, लेकिन उन्हें भी पकड़ लिया गया है। संघवी ने कहा कि भले जितना ताला मारना हो मार दें, ताला तोड़कर हम उन्हें बाहर निकालेंगे। पथराव करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

डीसीपी भगीरथ गढवी ने कहा कि जिन लोगों ने पथराव किया है, उन्हें उन्हीं के क्षेत्र से पकड़ा गया है। सभी आरोपितों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उधर, इस घटना की विश्व हिंदू परिषद ने निंदा की है। रविवार रात आरती में विघ्न के बाद सोमवार तड़के 2 बजे गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी, महापौर दक्षेश मावाणी, पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गेहलोत की मौजूदगी में आरती की गई।

Tags: Surat