लखनऊ : सरकार की खेल पॉलिसी से प्रतिभावान खिलाड़ियों को मिला मंच : मुख्यमंत्री योगी

सीएम योगी ने हॉकी इंडिया जूनियर मेन इंटर जोन चैंपियनशिप-24 का किया उद्धाटन

लखनऊ : सरकार की खेल पॉलिसी से प्रतिभावान खिलाड़ियों को मिला मंच : मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ, 01 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हॉकी इंडिया जूनियर मेन इंटर जोन चैंपियनशिप-24 के उद्धाटन समारोह के अवसर पर कहा कि सरकार की खेल पॉलिसी से प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों को मंच मिलने के साथ उन्हें प्रोत्साहित भी किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय खेल हॉकी ने दुनिया को अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है। एक बार फिर यह अपने पुराने वैभव को प्राप्त कर रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश ने कई दिग्गज अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिये हैं। इनमें हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का नाम हर भारतवासी की जुबान पर है। इसके अलावा केडी सिंह बाबू, मो शाहिद, रविंद्र पाल, सैयद अली समेत दर्जनों हॉकी खिलाड़ी उत्तर प्रदेश की देन हैं। इन सभी ने ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियाड और वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारतीय टीम का नेतृत्व कर देश को गौरवांवित किया है। वहीं हॉकी इंडिया जूनियर मेन इंटर जोन चैंपियनशिप जूनियर हॉकी खिलाड़ियों को भावी ओलंपिक, इंटरनेशनल, एशियाड और कॉमनवेल्थ गेम के लिए नए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए एक मंच प्रदान कर रही है। यह काफी सराहनीय है।

सरकार खेल पॉलिसी के जरिये खेल और खिलाड़ियों को दे रही बढ़ावा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस चैंपियनशिप में 6 टीमें एक सप्ताह तक मैच खेलेंगी। यह खिलाड़ियों के लिए नया अनुभव और अवसर है क्योंकि पहले यह सुविधाएं नहीं थी। इससे कभी-कभी लगता था कि राष्ट्रीय खेल अपने ही घर में उपेक्षित है, लेकिन अब उपेक्षा नहीं बल्कि नये जोश और भरोसे के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दो ओलंपिक टोक्यो और पेरिस में भारतीय हॉकी टीम ने अपना परचम लहाराया है। इसमें दोनों बार भारतीय टीम का हिस्सा रहे खिलाड़ी ललित उपाध्याय को पिछली बार ही यूपी पुलिस में डिप्टी एसपी के पद पर तैनाती दी गई थी। वहीं इस बार ओलंपिक में अपना शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राजकुमार पाल को भी डिप्टी एसपी बनाने जा रहे हैं।