प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे यूक्रेन की राजधानी कीव, भारतीयों से मिले, अब होगी जेलेंस्की से मुलाकात

करीब 10 घंटे का रेल सफर पूरा कर वह भारतीय समय के मुताबिक आज सुबह 10 बजे कीव पहुंचे

प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे यूक्रेन की राजधानी कीव, भारतीयों से मिले, अब होगी जेलेंस्की से मुलाकात

कीव, 23 अगस्त (हि.स.)। रूस और यूक्रेन के बीच ढाई साल से छिड़ी लड़ाई के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंच गए। वो गुरुवार रात पौलेंड से रवाना हुए। करीब 10 घंटे का रेल सफर पूरा कर वह भारतीय समय के मुताबिक आज सुबह 10 बजे कीव पहुंचे। वह यहां लगभग सात घंटे बिताएंगे। उनकी यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से होने वाली मुलाकात पर सारी दुनिया की नजर टिकी हुई है।

प्रधानमंत्री मोदी कीव पहुंचने के बाद हयात रीजेंसी होटल पहुंचे। उन्होंने यहां पर मौजूद भारतीय प्रवासियों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री यूक्रेन नेशनल म्यूजियम भी जाएंगे। वो फरवरी 2022 के बाद रूस के खिलाफ जंग में मारे गए बच्चों को श्रद्धांजलि देंगे। यह देश का सबसे बड़ा म्यूजियम है। यूक्रेन दौरे पर जाने वाले मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। 1991 में सोवियत संघ के टूटने के बाद यूक्रेन की स्थापना हुई थी। तब से लेकर आज तक कोई भी भारतीय प्रधानमंत्री यूक्रेन नहीं गया।

प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा खास है। 24 फरवरी, 2022 को रूस के हमले के बाद से अब तक नाटो देशों के अलावा किसी अन्य देश के नेता ने यूक्रेन का दौरा नहीं किया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कुछ महीने पहले प्रधानमंत्री मोदी को यूक्रेन आने का न्योता दिया था। इससे पहले मोदी और जेलेंस्की ने मई 2023 में जापान में जी-7 समिट के दौरान जंग के बाद पहली बार मुलाकात की थी।

प्रधानमंत्री मोदी यूक्रेन के एवी फोमिन बोटॉनिकल गार्डेन में महात्मा गांधी की कांस्य प्रतिमा पर श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे। इस प्रतिमा को महात्मा गांधी की 151वीं जयंती पर 2020 में स्थापित किया गया था। दो देशों की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के पहले पड़ाव में प्रधानमंत्री मोदी पोलैंड पहुंचे थे। पोलैंड में उन्होंने प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क से बातचीत के बाद कहा था कि किसी भी समस्या को लड़ाई के मैदान में नहीं सुलाझाया जा सकता। हम इस क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए हर संभव सहयोग करने के लिए तैयार हैं। उल्लेखनीय है कि यूक्रेन यात्रा से लगभग डेढ़ महीने पहले प्रधानमंत्री मोदी रूस की यात्रा कर चुके हैं।