पटना : लीची के शहर मुजफ्फरपुर में किसान ने उगाया एक किलो का नागेंद्र भोग आम

नागेंद्र भोग एक ऐसा आम है जो एक साथ कई स्वाद देता है

पटना : लीची के शहर मुजफ्फरपुर में किसान ने उगाया एक किलो का नागेंद्र भोग आम

पटना/मुजफ्फरपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। बिहार का मुजफ्फरपुर जिला लीची के लिए मशहूर है लेकिन इस साल अब नागेंद्र भोग आम धूम मचाने वाला हैं। नागेंद्र भोग एक ऐसा आम है जो एक साथ कई स्वाद देता है। इसका वजन एक किलो का होता है। इसकी लंबाई एक हाथ के पंजे के बराबर होती है।इस एक आम को ही खाकर आपका पूरा पेट भर जाएगा। इस आम का नाम है नागेंद्र भोग जो कि मुजफ्फरपुर शहर से सटे रहुआ में उगाया गया है।

अपनी नर्सरी चलाने वाले भूषण सिंह ने बताया कि इस आम को उन्होंने चार आम को क्रॉस कर तैयार किया है और इसका नाम अपने पिता नागेंद्र सिंह के नाम पर नागेंद्र भोग रखा है।नागेंद्र भोग की मांग देश के साथ ही विदेशों तक से आ रही है।

भूषण सिंह ने बताया कि यह आम बाजार में 60 से 100 रुपये किलो बिकेगा । फिलहाल 200 रुपये किलो में बिक रहा है। यह आम कम जगह पर छोटे पौधे में भी फल देगा और हर साल यह आम देगा। इसी वजह से किसानों के लिए भी मुनाफे का सौदा है।

कई ऐसे ग्राहक और विदेश के किसान हैं जो नागेंद्र भोग आम के लिए मुंह मांगी रकम तक देने के लिए तैयार है। क्योंकि नागेंद्र भोग अलफांसो आम पर भारी पड़ता है। इसकी गुठली पतली होती है। यह पिछात नस्ल का आम है जब बाजार में आम का सीजन खत्म होने लगेगा तब यह पककर बाजार में जाने को तैयार हो जाता है।

भूषण सिंह ने बताया कि इस आम के अंदर गूदा भरपूर होता है।यह एक किलो का होता है। खाने में काफी हल्का होता है, इसीलिए लोग इसे ज्यादा से ज्यादा पसंद कर रहे हैं।आने वाले वक्त में यह आम जूस के लिए आने वालो आमों पर भी भारी पड़ने वाला है।

Tags: Patna