गांधीनगर : कोबा में 4700 वर्ग मीटर में 1500 पौधे लगाकर अर्बन फॉरेस्ट का निर्माण होगा

राज्य में 31 अगस्त तक अर्बन फॉरेस्ट विकसित करने का अभियान आयोजित किया है।

गांधीनगर : कोबा में 4700 वर्ग मीटर में 1500 पौधे लगाकर अर्बन फॉरेस्ट का निर्माण होगा

अहमदाबाद, 26 जुलाई (हि.स.)। देशव्यापी अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ को शहरी क्षेत्रों तक पहुंचाने के आशय से पूरे राज्य में 31 अगस्त तक अर्बन फॉरेस्ट विकसित करने का अभियान आयोजित किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को गांधीनगर महानगर पालिका क्षेत्र में स्थित कोबा इलाके में बरगद का पौधा लगाकर राज्यव्यापी अर्बन फॉरेस्ट अभियान का आरंभ कराया।

अर्बन फॉरेस्ट अभियान के अंतर्गत राज्य के शहरों में वन एवं वृक्ष क्षेत्र को बढ़ाने के लक्ष्य के साथ राज्य की महानगर पालिकाओं, 157 नगर पालिकाओं और सभी 165 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत अर्बन फॉरेस्ट अभियान आयोजित किया गया है। इसके अंतर्गत महानगर पालिका और नगर पालिका क्षेत्र में हर वॉर्ड और जोन में विशेष स्थान पर पौधारोपण किया जाएगा और इन पौधों की देखभाल व सुरक्षा की व्यवस्था की जाएगी।

कोबा में अर्बन फॉरेस्ट अभियान के शुभारंभ अवसर पर अतिथियों ने एक-एक पौधा लगाया। कोबा में 4700 वर्ग मीटर से अधिक के क्षेत्रफल वाले भूखंड में अर्बन फॉरेस्ट का निर्माण होगा। यहां नीम, आम, इमली, बोरसली और आंवला जैसे कुल 1500 पौधे रोपे जाएंगे।

इस अवसर पर गांधीनगर महानगर पालिका की महापौर मीराबेन पटेल, गांधीनगर (द) के विधायक अल्पेश ठाकोर, गांधीनगर (उ) की विधायक रीटाबेन पटेल, उप महापौर नटवरजी ठाकोर, जिला कलेक्टर मेहुल दवे, मनपा आयुक्त जे.एन. वाघेला सहित कई गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।