गांधीनगर : गुजरात में पिछले 7 महीनों में पाइप्ड गैस कनेक्शन की संख्या में पौने दो लाख की वृद्धि

घरेलू पीएनजी कनेक्शन का आंकड़ा फरवरी 2024 में 32.53 लाख, वाणिज्यिक व औद्योगिक गैस कनेक्शनों में गुजरात देश में पहले स्थान पर

गांधीनगर : गुजरात में पिछले 7 महीनों में पाइप्ड गैस कनेक्शन की संख्या में पौने दो लाख की वृद्धि

गांधीनगर, 26 जुलाई (हि.स.)। गुजरात पर्यावरण अनुकूल नीतियों के माध्यम से वर्ष 2070 तक देश में नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य हासिल करने की दिशा सक्रिय भागीदारी निभा रहा है। इसके लिए गुजरात का एक प्रयास घरेलू और औद्योगिक आवश्यकताओं में प्राकृतिक गैस के अधिकाधिक उपयोग को बढ़ावा देना भी है। गुजरात के घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।

सात माह में बढ़ी पीएनजी उपभोक्ताओं की संख्या

केन्द्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार अगस्त, 2023 से फरवरी, 2024 तक गुजरात में पीएनजी कनेक्शन में पौने दो लाख की वृद्धि दर्ज की गई है। गुजरात में 31 जुलाई, 2023 तक घरेलू पीएनजी कनेक्शनों की संख्या 3,078,162 थी, जो 29 फरवरी, 2024 में बढ़कर 3,253,175 तक पहुंच गई है। इन सात महीनों में 5.6 फीसदी की वृद्धि के साथ कुल 1,75,013 कनेक्शन की वृद्धि हुई है, जो घरेलू खपत में एक उल्लेखनीय प्रगति को दर्शाती है।

गुजरात के ऊर्जा एवं पेट्रो केमिकल्स मंत्री कनुभाई देसाई ने इस विषय पर कहा कि पिछले 7 महीनो में गुजरात के घरों में पीएनजी कनेक्शन की संख्या 2.5 लाख बढ़ गई है। वाणिज्यिक और औद्योगिक गैस कनेक्शनों की संख्या में भी गुजरात देश में पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने देश में सबसे पहले जलवायु परिवर्तन विभाग की शुरुआत की और देश की सबसे पहली सौर नीति को लागू किया। अब प्रधानमंत्री ने हमें 2070 तक नेट जीरो का लक्ष्य दिया है।

व्यावसायिक और औद्योगिक पीएनजी कनेक्शन में गुजरात शीर्ष पर

व्यावसायिक और औद्योगिक पीएनजी कनेक्शन की संख्या के मामले में गुजरात देशभर में शीर्ष स्थान पर है। वर्तमान में गुजरात में 23,445 व्यावसायिक तथा 5786 औद्योगिक पीएनजी कनेक्शन है। यह संख्या बाकी के राज्यों के मुकाबले काफी अधिक है।

औद्योगिक पीएनजी कनेक्शन (शीर्ष पांच राज्य)

1. गुजरात :5,786

2. उत्तर प्रदेश :3270

3. हरियाणा :2259

4. दिल्ली-एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र): 1919

5. राजस्थान : 1691

व्यावसायिक पीएनजी कनेक्शन (शीर्ष पांच राज्य)

1. गुजरात : 23,445

2. महाराष्ट्र : 4817

3. दिल्ली-एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र): 3965

4. उत्तर प्रदेश : 2644

5. असम : 1391

गुजरात के सभी जिलों में पीएनजी नेटवर्क

आज गुजरात के सभी जिलों में पीएनजी नेटवर्क को सफलतापूर्वक पहुंचा दिया गया है। गुजरात सरकार के सार्वजनिक उपक्रम गुजरात स्टेट पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (जीएसपीसी) के स्वामित्व वाली गुजरात की अग्रणी कंपनी गुजरात गैस लिमिटेड (जीजीएल) के पाइपलाइन नेटवर्क में पिछले 10 वर्षों में 158 फीसदी की वृद्धि हुई है। मार्च, 2014 में GGL का नेटवर्क 13,517 किलोमीटर था, जो मार्च, 2024 में बढ़कर 34,832 किलोमीटर तक पहुंच गया है।

Tags: Gujarat